अमरोहा: गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और चीनी मिलों को 25 अक्टूबर तक चालू कराने समेत आठ मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन शंकर ने आवाज बुलंद की है। शनिवार को आदमपुर स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित संगठन की मासिक पंचायत में किसानों ने सरकार और संबंधित विभागों के प्रति नाराजगी जताई।
पंचायत में किसानों ने चेतावनी दी कि यदि 27 अक्टूबर तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो 28 अक्टूबर को होने वाली पंचायत में आंदोलन की घोषणा की जाएगी। पंचायत की अध्यक्षता कमल सिंह ठाकुर ने की, जबकि संचालन शीशपाल सिंह ने किया।
किसानों ने बारिश से बर्बाद हुई फसलों का उचित मुआवजा देने, बिजली बिलों में गड़बड़ियों को दूर करने और आवारा पशुओं को गोशालाओं में भेजने की मांग उठाई। इसके अलावा गंगेश्वरी ब्लॉक में खराब पड़े आरओ सिस्टम को ठीक कराने और क्षेत्र की सफाई व्यवस्था में सुधार करने पर भी जोर दिया गया। किसान यूनियन ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।


















