मनिला : फिलीपींस में जैवईंधन कार्यक्रम के तहत मक्का को जैवएथेनॉल उत्पादन के लिए स्वीकृत कच्चे माल के रूप में शामिल करने की मांग जोर पकड़ रही है। कृषि विभाग (डीए) ने बताया कि, संयुक्त प्रशासनिक आदेश 2008-1 में संशोधन कर गन्ने और शीरे के साथ मक्का को भी आधिकारिक तौर पर जैवएथेनॉल उत्पादन के लिए अनुमति देने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। विभाग के अनुसार, इस प्रस्ताव पर अभी विस्तृत चर्चा जारी है और अंतिम मंजूरी राष्ट्रीय जैवईंधन बोर्ड द्वारा दी जानी है। कृषि विभाग के सहायक सचिव यू-निकोल्स मनालो ने कहा कि बढ़ते ईंधन संकट को देखते हुए जैवईंधन कार्यक्रम को मजबूत बनाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
उन्होंने बताया कि, पिछले वर्ष मक्का क्षेत्र से जुड़े कई मंचों पर यह प्रस्ताव रखा गया था कि मक्का पर लगी पाबंदियां हटाकर उसका उपयोग एथेनॉल उत्पादन में किया जाए। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि, खाद्य और ईंधन के बीच संतुलन बनाए रखने को लेकर सभी पक्षों से व्यापक परामर्श आवश्यक है। विशेषज्ञों का मानना है कि, मक्का को एथेनॉल उत्पादन में शामिल करने से किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत मिल सकता है। फिलीपींस विश्वविद्यालय लॉस बानोस के एक अध्ययन में सुझाव दिया गया है कि, वर्षा ऋतु के दौरान जब पीले मक्के की अधिकता होती है और सुखाने की सुविधाएं सीमित होती हैं, तब अतिरिक्त उत्पादन को एथेनॉल निर्माण में उपयोग किया जा सकता है।
ऊर्जा विभाग का कहना है कि, यदि ईंधन में जैवएथेनॉल की मात्रा बढ़ाकर 20 प्रतिशत कर दी जाए, तो पेट्रोल की कीमतों में प्रति लीटर लगभग 5 पेसो तक की कमी आ सकती है। साथ ही स्थानीय स्तर पर उत्पादित एथेनॉल के उपयोग से आयातित जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता भी घटेगी और ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी।हालांकि, पशुपालन और पोल्ट्री उद्योग ने इस प्रस्ताव पर चिंता जताई है। उनके अनुसार, देश वर्तमान में अपनी पीले मक्के की आवश्यकता का केवल 62.7 प्रतिशत ही घरेलू स्तर पर पूरा कर पाता है, जबकि यह पशु आहार का प्रमुख घटक है। उद्योग संगठनों का मानना है कि यदि मक्का का बड़ा हिस्सा ईंधन उत्पादन में इस्तेमाल होने लगा, तो पशु आहार की लागत बढ़ सकती है और मांस उत्पादकों को अधिक आयात पर निर्भर होना पड़ सकता है।
एक संभावित समाधान के रूप में फीड मिल उद्योग ने डिस्टिलर्स ड्राइड ग्रेन्स विद सोल्यूबल्स (डीडीजीएस) को पशु आहार में शामिल करने का सुझाव दिया है। यह मक्का आधारित एथेनॉल उत्पादन का उप-उत्पाद है और पोषक तत्वों से भरपूर माना जाता है। हालांकि, पशुपालन क्षेत्र का मानना है कि यह सीधे मक्के की कमी की पूरी भरपाई नहीं कर सकेगा।विरोधाभासी हितों के बीच संतुलन बनाने के लिए कृषि सुधार विभाग और स्वदेशी समुदाय आयोग निष्क्रिय भूमि और पारंपरिक भूमि क्षेत्रों में मक्का उत्पादन बढ़ाने की संभावनाओं पर काम कर रहे हैं, ताकि खाद्य आपूर्ति प्रभावित हुए बिना जैवईंधन के लिए अतिरिक्त कच्चा माल उपलब्ध कराया जा सके।


















