चीनी उद्योग को ‘मल्टी प्रोडक्ट बायोमास रिसोर्स’ के रूप में विकसित करना समय की जरूरत: पूर्व मंत्री जयंत पाटिल

पुणे (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के पूर्व गृह एवं वित्त मंत्री जयंत पाटिल ने कहा कि, चीनी उद्योग को केवल चीनी उत्पादन तक सीमित न रखकर ‘मल्टी प्रोडक्ट बायोमास रिसोर्स’ के रूप में विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि, एथेनॉल, बायोगैस, बायो-सीएनजी और अन्य मूल्यवर्धित जैव-आधारित उत्पादों के माध्यम से चीनी मिलों की आर्थिक व्यवहार्यता बढ़ाई जा सकती है। इसके लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस, डिजिटल मॉनिटरिंग और आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग आवश्यक है।

जयंत पाटिल यह विचार द डेक्कन शुगर टेक्नोलॉजीज एसोसिएशन (डीएसटीए) के 71वें वार्षिक अधिवेशन और चीनी प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में व्यक्त कर रहे थे। पुणे के सेनापति बापट रोड स्थित जेडब्ल्यू मैरियट होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजेश टोपे, दिलीप देशमुख,चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते, पूर्व चीनी आयुक्त डॉ. शेखर गायकवाड़, कर्नाटक के पूर्व मंत्री श्रीमंत पाटिल, ‘विस्मा’ के अध्यक्ष बी. बी. ठोंबरे, आर. वी. कुंभार, डीएसटीए के अध्यक्ष सोहन शिरगांवकर और संभाजी कडू-पाटिल सहित चीनी उद्योग से जुड़े अनेक विशेषज्ञ और उद्योगपति उपस्थित थे।

ChiniMandi WhatsApp Channel

बदलते समय के साथ चीनी उद्योग को आधुनिक बनाना होगा

जयंत पाटिल ने कहा कि, चीनी उद्योग के सामने बाजार में उतार-चढ़ाव, उपभोक्ताओं की बदलती अपेक्षाएं और बढ़ती प्रतिस्पर्धा जैसी बड़ी चुनौतियां हैं। पहले जहां कई चीनी मिलें लगभग छह महीने तक संचालित होती थीं, वहीं अब अनेक मिलें केवल तीन से चार महीने के पेराई सत्र पर निर्भर हैं। इससे मिलों की आर्थिक क्षमता प्रभावित हो रही है।उन्होंने सुझाव दिया कि, भारतीय चीनी उद्योग को ब्राजील, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों की आधुनिक तकनीकों और कार्य प्रणालियों का अध्ययन कर उन्हें अपनाना चाहिए। साथ ही वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट में विकसित हो रहे अनुसंधान का व्यापक उपयोग चीनी मिलों में किया जाना चाहिए।

एथेनॉल और बायो-सीएनजी से आय के नए स्रोत

जयंत पाटिल ने कहा कि, चीनी मिलों को केवल चीनी उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि एथेनॉल, बायोगैस, बायो-सीएनजी और अन्य जैव-आधारित उत्पादों के माध्यम से आय के नए स्रोत विकसित करने चाहिए। इससे उद्योग की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और भविष्य की चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना किया जा सकेगा।

नई पीढ़ी को साखर उद्योग से जोड़ना जरूरी

उन्होंने कहा कि, स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता और ‘चीनी कम खाओ’ जैसी बदलती उपभोक्ता प्रवृत्तियां भविष्य में उद्योग के लिए चुनौती बन सकती हैं। इसलिए तकनीक, अनुसंधान और कार्यकुशलता पर विशेष ध्यान देने के साथ नई पीढ़ी को भी साखर उद्योग से जोड़ना आवश्यक है, ताकि नवाचार और आधुनिकीकरण को गति मिल सके।

तकनीकी प्रगति में डीएसटीए की महत्वपूर्ण भूमिका

डीएसटीए के अध्यक्ष सोहन शिरगांवकर ने कहा कि, संगठन साखर उद्योग में तकनीकी विकास, अनुसंधान और आधुनिक तकनीकों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। डीएसटीए उद्योग के समक्ष आने वाली तकनीकी और औद्योगिक चुनौतियों पर चर्चा करने तथा देश-विदेश की नई तकनीकों को उद्योग तक पहुंचाने का कार्य लगातार कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य चीनी मिलों, इंजीनियरों, विशेषज्ञों और अनुसंधान संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाकर उद्योग को अधिक कुशल, प्रतिस्पर्धी और तकनीक-आधारित बनाना है।

साखर उद्योग में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान

अधिवेशन के दौरान साखर उद्योग में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई उद्योगपतियों, तकनीकी विशेषज्ञों और संस्थानों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

साखर उद्योग गौरव पुरस्कार एस. एस. इंजीनियर्स के चेयरमैन एस. बी. भड, पूर्व मंत्री राजेश टोपे, गुजरात शुगर फेडरेशन के मानसिंहभाई पटेल, कृष्णा समूह के डॉ. सुरेशबाबा भोसले और कर्नाटक के विधायक एवं अथणी शुगर के चेयरमैन श्रीमंत पाटिल को प्रदान किया गया।

उत्कृष्ट चीनी मिल पुरस्कार गोदावरी बायोरिफाइनरी लिमिटेड, विलास सहकारी साखर कारखाना, जरंडेश्वर शुगर मिल्स प्राइवेट लिमिटेड और विकासरत्न विलासराव देशमुख मांजरा सहकारी साखर कारखाना को दिया गया।

इसके अलावा इंडस्ट्रियल एक्सीलेंस, टेक्निकल एक्सीलेंस, वरिष्ठ सदस्य, जीवनगौरव, डीएसटीए एक्सेप्शनल सर्विस और बेस्ट रिसर्च पेपर सहित विभिन्न श्रेणियों में भी अनेक विशेषज्ञों और उद्योग जगत की हस्तियों को सम्मानित किया गया।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here