धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स ने पहली तिमाही में की शानदार वापसी, ₹36.79 करोड़ का मुनाफा, राजस्व में भी बढ़ोतरी

नई दिल्ली: धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में शानदार वित्तीय प्रदर्शन करते हुए ₹36.79 करोड़ का समेकित (कंसोलिडेटेड) शुद्ध लाभ दर्ज किया है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को ₹22 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ था। कंपनी की इस मजबूत वापसी में एक विनिर्माण इकाई की बिक्री से प्राप्त एकमुश्त लाभ और मुख्य कारोबार से हुई आय में वृद्धि का अहम योगदान रहा। कंपनी के निदेशक मंडल ने 14 जुलाई 2026 को पहली तिमाही के अलेखापरीक्षित (Unaudited) स्टैंडअलोन और समेकित वित्तीय परिणामों को मंजूरी दी।

कंपनी का समेकित परिचालन राजस्व पहली तिमाही में बढ़कर ₹918.56 करोड़ हो गया, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह ₹750.64 करोड़ था। अन्य आय को शामिल करने पर कुल आय ₹919.77 करोड़ रही। वहीं, स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी का परिचालन राजस्व बढ़कर ₹939.55 करोड़ पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में ₹788.15 करोड़ था। कंपनी के मुनाफे में सबसे बड़ा योगदान मीरगंज चीनी विनिर्माण इकाई की बिक्री से मिला। धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स ने इस इकाई को स्लंप सेल के आधार पर ₹305 करोड़ में बेचा, जिससे कंपनी को ₹63.89 करोड़ का एकमुश्त लाभ हुआ। इस कारोबार को कंपनी ने बंद (Discontinued) परिचालन की श्रेणी में रखा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स तीन प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों—चीनी, बायो फ्यूल एवं स्पिरिट्स और कंट्री लिकर—में कार्यरत है।कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी को आंतरिक ऑडिटर नियुक्त करने की भी मंजूरी दी।वहीं, कंपनी के वैधानिक ऑडिटर मित्तल गुप्ता एंड कंपनी ने पहली तिमाही के अलेखापरीक्षित वित्तीय परिणामों की सीमित समीक्षा (Limited Review) पूरी कर बिना किसी संशोधन (Unmodified Opinion) के अपनी रिपोर्ट जारी की है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि चीनी उद्योग मौसमी (Seasonal) प्रकृति का होता है, इसलिए किसी एक तिमाही का प्रदर्शन पूरे वित्त वर्ष के परिणामों का सटीक संकेतक नहीं माना जा सकता।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here