पेट्रोल के बराबर रनिंग कॉस्ट के लिए E85 को करीब 25% करना पड़ सकता है सस्ता: IIT दिल्ली-AIDA की रिपोर्ट

नई दिल्ली: पेट्रोल के मुकाबले समान रनिंग कॉस्ट प्रति किलोमीटर देने के लिए E85 ईंधन की कीमत पेट्रोल से करीब 25 प्रतिशत कम रखनी पड़ सकती है। द प्रिंट में प्रकाशित खबर के अनुसार, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) दिल्ली और ऑल-इंडिया डिस्टिलर्स एसोसिएशन (AIDA) के शोधकर्ताओं द्वारा तैयार एक व्हाइट पेपर में किए गए उदाहरणात्मक आकलन में यह बात सामने आई है।

‘फ्लेक्स-फ्यूल व्हीकल्स: एनबलिंग एनर्जी सिक्योरिटी एंड सस्टेनेबल मोबिलिटी इन इंडिया’ शीर्षक वाले इस पेपर में कहा गया है कि, E85 का मूल्यांकन केवल पेट्रोल की तुलना में प्रति लीटर कीमत के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए। चूंकि एथेनॉल में पेट्रोल की तुलना में ऊर्जा की मात्रा कम होती है, इसलिए आमतौर पर वाहन एक लीटर E85 पर पेट्रोल की तुलना में कम दूरी तय करते हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए अधिक महत्वपूर्ण पैमाना प्रति किलोमीटर यात्रा की लागत है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

E85 क्या है और भारत में इसकी उपलब्धता

E85 में करीब 80-85 प्रतिशत एथेनॉल होता है और इसे फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों (FFV) के लिए तैयार किया गया है। ये वाहन अलग-अलग अनुपात में एथेनॉल-पेट्रोल मिश्रण पर चल सकते हैं। भारत ने जून 2026 में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों के 48 रिटेल आउटलेट्स पर E85 की बिक्री शुरू की थी। दिसंबर 2026 तक इसकी उपलब्धता 500 आउटलेट्स और दिसंबर 2027 तक करीब 5,000 आउटलेट्स तक बढ़ाने की योजना है।

हालांकि, E20 की तुलना में E85 का विस्तार अभी शुरुआती चरण में है। E20 देशभर में उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि, प्रमाणित फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए E85 की शुरुआत का अर्थ यह नहीं है कि भारत अपने कुल एथेनॉल मिश्रण स्तर को E20 से आगे बढ़ा रहा है। सरकार के अनुसार, E20 से आगे राष्ट्रीय एथेनॉल ब्लेंडिंग लक्ष्य बढ़ाने को लेकर फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया गया है। भविष्य में ऐसा कोई कदम उठाया जाता है तो उससे पहले तकनीकी अध्ययन और संबंधित पक्षों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। इसलिए E85 को सामान्य पेट्रोल वाहनों में E20 के विकल्प के रूप में नहीं, बल्कि फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए अलग ईंधन के रूप में विकसित किया जा रहा है।

प्रति किलोमीटर लागत क्यों महत्वपूर्ण है?

इस व्हाइट पेपर को IIT दिल्ली के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर एवं प्रमुख प्रो. पी. एम. वी. सुब्बाराव और IIT दिल्ली के रिसर्च स्कॉलर सप्तर्षि देब ने तैयार किया है। लेखकों का कहना है कि, उपभोक्ता वास्तव में ईंधन की मात्रा के लिए नहीं, बल्कि तय की गई दूरी के लिए भुगतान करते हैं। एथेनॉल की ऊर्जा क्षमता पेट्रोल से कम होने के कारण एक लीटर E85 से वाहन कम किलोमीटर चल सकता है। इसलिए केवल पंप पर कम कीमत होना जरूरी नहीं कि वाहन चलाने की कुल लागत भी कम हो।

पेपर में उदाहरण के तौर पर पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर मानी गई है। इसमें वाहन पेट्रोल पर 20 किलोमीटर प्रति लीटर और E85 पर 15 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देता है। यदि E85 की कीमत 82 रुपये प्रति लीटर हो, तो इसकी रनिंग कॉस्ट करीब 5.47 रुपये प्रति किलोमीटर होगी, जबकि पेट्रोल की लागत 5 रुपये प्रति किलोमीटर होगी। यानी E85 पंप पर 18 प्रतिशत सस्ता होने के बावजूद प्रति किलोमीटर लागत पेट्रोल से अधिक रहेगी। इन्हीं मान्यताओं के आधार पर E85 की कीमत करीब 75 रुपये प्रति लीटर, यानी पेट्रोल से 25 प्रतिशत कम होने पर ही प्रति किलोमीटर लागत 5 रुपये तक आ पाएगी। हालांकि, लेखकों ने स्पष्ट किया है कि, 25 प्रतिशत का आंकड़ा केवल उदाहरणात्मक गणना है और इसे देशभर के लिए E85 की कीमत तय करने की सिफारिश नहीं माना जाना चाहिए।

E85 की कीमत पेट्रोल से जोड़ने का प्रस्ताव

पेपर में E85 के लिए “डायनेमिक एथेनॉल-गैसोलीन प्राइस लिंकेज फ्रेमवर्क” विकसित करने का सुझाव दिया गया है। इसका कारण यह है कि E85 को पेट्रोल के मुकाबले कितनी कीमत पर उपलब्ध कराया जाना चाहिए, यह पेट्रोल की कीमत और अलग-अलग वाहनों की ईंधन दक्षता के आधार पर बदल सकता है। प्रस्तावित व्यवस्था में E85 की उपलब्धता, क्षेत्रीय ड्राइविंग परिस्थितियां, फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की संख्या, उपभोक्ताओं के ईंधन बदलने के व्यवहार और एथेनॉल की आपूर्ति जैसे कारकों को शामिल किया जा सकता है।

लेखकों ने उपभोक्ताओं को अलग-अलग ईंधनों की रनिंग कॉस्ट की तुलना करने में मदद के लिए व्हीकल-स्पेसिफिक फ्यूल इकोनॉमी रेशियो (VFER) तैयार करने का भी सुझाव दिया है। इस तरह की जानकारी को ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी के वाहन लेबल, वाहन के डैशबोर्ड या मोबाइल एप्लिकेशन में शामिल किया जा सकता है। तेल विपणन कंपनियां रिटेल आउटलेट्स पर रियल-टाइम एथेनॉल-पेट्रोल कीमत अनुपात और अलग-अलग वाहन मॉडलों के लिए ईंधन लागत की तुलना भी उपलब्ध करा सकती हैं।

एथेनॉल की लागत पर फीडस्टॉक और लॉजिस्टिक्स का असर

पेपर में कहा गया है कि, एथेनॉल की अर्थव्यवस्था पर कच्चे माल और लॉजिस्टिक्स की लागत का भी प्रभाव पड़ता है।एथेनॉल सप्लाई ईयर 2025-26 के लिए पेपर में C-हेवी मोलासेस से बनने वाले एथेनॉल की खरीद कीमत 57.97 रुपये प्रति लीटर और मक्का आधारित एथेनॉल की कीमत 71.86 रुपये प्रति लीटर बताई गई है। इसके अलावा परिवहन, भंडारण, हैंडलिंग और टैक्स जैसी लागतें एथेनॉल की अंतिम कीमत को और बढ़ा सकती हैं।

दोपहिया वाहनों के लिए अलग रणनीति की जरूरत

लेखकों ने E85 और फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को अपनाने के लिए चरणबद्ध रणनीति की सिफारिश की है। व्यापक व्यावसायिक विस्तार से पहले तकनीकी परीक्षण, उद्योग की तैयारियों का आकलन और नियंत्रित पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने का सुझाव दिया गया है। पेपर में दोपहिया वाहनों के लिए अलग रणनीति अपनाने पर भी जोर दिया गया है। देश में पेट्रोल की कुल खपत में दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी करीब 60 प्रतिशत है और रोजमर्रा की आवाजाही में इनकी बड़ी भूमिका है।

लेखकों ने E20, E30 और भविष्य में E85 पर चलने वाली मोटरसाइकिलों और स्कूटरों का परीक्षण करने की सिफारिश की है। इसके साथ एथेनॉल-अनुकूल ईंधन प्रणाली के कंपोनेंट्स, इंजन कैलिब्रेशन, टिकाऊपन और ईंधन दक्षता का भी आकलन किया जाना चाहिए। अधिक दोपहिया वाहनों वाले प्रमुख मार्गों पर E85 ईंधन वितरण बुनियादी ढांचे का समन्वित विस्तार करने का भी सुझाव दिया गया है। लेखकों के अनुसार, E85 का विस्तार तभी किया जाना चाहिए जब वाहन प्रदर्शन, ईंधन उपलब्धता, बुनियादी ढांचे की जरूरतों और उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया को लेकर पर्याप्त प्रमाण उपलब्ध हों। साथ ही, फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की मांग के अनुरूप ईंधन बुनियादी ढांचे का विकास किया जाना चाहिए। एथेनॉल की आपूर्ति और उससे जुड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर जरूरतों की पहले से योजना बनाना भी जरूरी होगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here