देश में पेट्रोल में अधिकतम एथेनॉल मिश्रण के प्रयास जारी : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

पुणे : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि, देश की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार कृषि क्षेत्र है, लेकिन आजादी के बाद से अब तक इस क्षेत्र का अपेक्षित विकास नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि, यदि भारत को आर्थिक रूप से मजबूत और वैश्विक शक्ति बनाना है, तो कृषि विकास की गति बढ़ानी होगी। पुणे में वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स असोसिएशन (विस्मा) की ओर से आयोजित ‘शुगर एंड बायोएनर्जी’ सम्मेलन को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि, देश की अर्थव्यवस्था का एक बड़ा हिस्सा चीनी उद्योग से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि, भारत हर वर्ष तेल आयात पर करीब 23 लाख करोड़ रुपये खर्च करता है। यदि यह राशि देश के किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था तक पहुंचे, तो गांवों से गरीबी और बेरोजगारी काफी हद तक कम हो सकती है।

मंत्री गडकरी ने कहा कि, चीनी उद्योग इस समय कई चुनौतियों से गुजर रहा है और इसे मजबूत करने के लिए नए रास्ते तलाशने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि ऊर्जादाता भी है। एथेनॉल उत्पादन ने चीनी उद्योग को नई मजबूती दी है और अब देश में पेट्रोल में अधिकतम एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, सरकार 100 प्रतिशत इथेनॉल ईंधन के उपयोग की दिशा में भी काम कर रही है।एथेनॉल और सीएनजी का इस्तेमाल बढ़ने से देश की पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम होगी, जिससे किसानों, चीनी उद्योग और सरकार—तीनों को फायदा होगा।कार्यक्रम में हरिभाऊ बागडे, महाराष्ट्र के सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटिल, ‘विस्मा’ के अध्यक्ष बी.बी. ठोंबरे, विधायक दिलीप वलसे-पाटिल, पांडुरंग राऊत, महेश देशमुख, रोहित नारा और कार्यकारी निदेशक अजित चौगुले सहित बड़ी संख्या में चीनी मिल संचालक उपस्थित रहे।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here