फिजी में गन्ना उद्योग को मजबूत बनाने की कवायद, प्रधानमंत्री राबुका करेंगे किसानों और हितधारकों से दो दिवसीय संवाद

सुवा : फिजी के प्रधानमंत्री सितिवेनी राबुका आज से गन्ना उत्पादक क्षेत्रों के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान संसद की गन्ना उद्योग विशेष समिति किसानों, चीनी उद्योग से जुड़े हितधारकों और विभिन्न सरकारी एजेंसियों के साथ बैठक कर गन्ना उद्योग के भविष्य और उससे जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करेगी। यह परामर्श कार्यक्रम कृषि, जलमार्ग एवं गन्ना उद्योग मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जा रहा है। दो दिनों तक चलने वाली यह बैठकें राकिराकी, बा, लाउतोका और लोमावाई में आयोजित होंगी।

राकिराकी से होगी दौरे की शुरुआत…

ChiniMandi WhatsApp Channel

प्रधानमंत्री राबुका के नेतृत्व में समिति अपने दौरे की शुरुआत राकिराकी से करेगी। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल बा पहुंचेगा, जहां रारावाई शुगर मिल का निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही बा सिविक सेंटर में मिल क्षेत्र के गन्ना किसानों के साथ बैठक आयोजित होगी, जिसमें किसानों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की जाएगी।

लौतोका शुगर मिल का भी होगा दौरा…

दौरे के दूसरे दिन समिति लौतोका स्थित एफएससी ट्रेनिंग सेंटर में चीनी उद्योग से जुड़े संस्थानों और हितधारकों के साथ बैठक करेगी। इसके बाद गन्ना किसानों से संवाद और लाउतोका शुगर मिल का निरीक्षण किया जाएगा।दौरे का अंतिम चरण लोमावाई में किसानों के साथ परामर्श बैठक के रूप में होगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल राजधानी सुवा लौटेगा।

प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में काम कर रही है विशेष समिति…

गन्ना उद्योग विशेष समिति की अध्यक्षता प्रधानमंत्री सितिवेनी राबुका कर रहे हैं। समिति में उप प्रधानमंत्री एवं पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्री प्रोफेसर बिमन प्रसाद, विलियामे गावोका, मानोआ कामिकामिका, गन्ना मंत्री टोमासी तुनाबुना, पुलिस मंत्री इओने नैवालुरुआ, विपक्ष के नेता इनिया सेरुइरातु तथा विपक्ष द्वारा नामित एक प्रतिनिधि शामिल हैं।

किसानों की राय से तय होगी आगे की रणनीति…

सरकार का मानना है कि इस परामर्श दौरे से गन्ना किसानों और उद्योग से जुड़े सभी पक्षों को अपनी समस्याएं और सुझाव रखने का अवसर मिलेगा। इन सुझावों के आधार पर फिजी के गन्ना उद्योग को अधिक मजबूत, टिकाऊ और प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here