एथेनॉल मिश्रण से देश को ₹1.98 लाख करोड़ की विदेशी मुद्रा बचत, किसानों को ₹1.66 लाख करोड़ से अधिक की अतिरिक्त आय: सरकार

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने लोकसभा में जानकारी दी कि, एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (EBP) कार्यक्रम के कारण देश को अब तक लगभग ₹1.98 लाख करोड़ की विदेशी मुद्रा (फॉरेक्स) बचत हुई है। इसके साथ ही करीब 317 लाख मीट्रिक टन कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) का आयात प्रतिस्थापित हुआ और किसानों को ₹1.66 लाख करोड़ से अधिक की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी ने लोकसभा में सांसद एम. के. राघवन के प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी। प्रश्न में E20 ईंधन के उपभोक्ताओं, वाहन निर्माताओं और परिवहन क्षेत्र पर प्रभाव तथा इथेनॉल मिश्रण से उपभोक्ताओं को मिलने वाले आर्थिक लाभ के बारे में जानकारी मांगी गई थी। सरकार ने बताया कि, इस कार्यक्रम के कारण लगभग 952 लाख मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) उत्सर्जन में कमी भी दर्ज की गई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सरकार के अनुसार, 2013-14 में औसत इथेनॉल मिश्रण केवल 1.53 प्रतिशत था, जो नवंबर 2025 से जून 2026 के दौरान बढ़कर लगभग 20 प्रतिशत तक पहुंच गया। सरकार ने कहा कि, E20 ईंधन लागू करने से पहले ईंधन प्रणाली, इंजन की टिकाऊ क्षमता और सामग्री की अनुकूलता का व्यापक परीक्षण किया गया था। ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI), सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM), इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) तथा वाहन निर्माताओं द्वारा किए गए परीक्षणों में E20 ईंधन के कारण असामान्य घिसावट, जंग या इंजन फेल होने का कोई प्रमाण नहीं मिला।

सरकार ने बताया कि, एक प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 2.84 करोड़ वाहनों की सर्विसिंग की, जिनमें लगभग 1.5 करोड़ पुराने (लीगेसी) वाहन भी शामिल थे, लेकिन किसी में भी E20 से जुड़ी इंजन क्षति नहीं पाई गई। एक प्रमुख दोपहिया निर्माता कंपनी ने भी इसी प्रकार के निष्कर्ष सामने रखे। सरकार ने स्वीकार किया कि E10 के लिए डिजाइन किए गए कुछ वाहनों में E20 के उपयोग से माइलेज 2 से 6 प्रतिशत तक कम हो सकता है, लेकिन यह प्रभाव ड्राइविंग की परिस्थितियों, वाहन चलाने की आदत और रखरखाव पर भी निर्भर करता है।

पेट्रोल की कीमतों को स्थिर रखने में मिली मदद

सरकार ने कहा कि पेट्रोल की खुदरा कीमतें बाजार आधारित प्रणाली के अनुसार तय होती हैं। फरवरी-मार्च 2026 के दौरान तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को लगभग ₹21,300 करोड़ का अंडर-रिकवरी (हानि) उठानी पड़ी, क्योंकि खुदरा कीमतें बाजार स्तर से नीचे रखी गई थीं। सरकार ने यह भी बताया कि पश्चिम एशिया संकट के दौरान फरवरी 2026 के बाद वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें 70-80 प्रतिशत तक बढ़ गईं, जबकि भारत में ईंधन की कीमतें केवल 7-8 प्रतिशत बढ़ीं।दिल्ली में उपभोक्ताओं को पेट्रोल ₹94.77 प्रति लीटर की दर से उपलब्ध हुआ, जबकि बाजार आधारित संभावित कीमत करीब ₹125 प्रति लीटर हो सकती थी। सरकार के अनुसार, लगभग ₹70 प्रति लीटर की दर से इथेनॉल की खरीद ने भी कीमतों को नियंत्रित रखने में योगदान दिया।

देशभर में मिलने वाला सामान्य पेट्रोल E20 है

सरकार ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने पुष्टि की है कि देशभर के पेट्रोल पंपों पर मिलने वाला सामान्य पेट्रोल E20 है।चूंकि E0 या E10 पेट्रोल खुदरा स्तर पर उपलब्ध नहीं है, इसलिए पंपों पर अलग से इथेनॉल प्रतिशत प्रदर्शित करना आवश्यक नहीं माना गया। हालांकि, फ्लेक्स फ्यूल वाहनों (FFVs) के लिए उपलब्ध E85 ईंधन वाले डिस्पेंसिंग यूनिट पर स्पष्ट लेबल लगाया जाता है। सरकार ने कहा कि E85 ईंधन की कीमत सामान्य मिश्रित पेट्रोल की तुलना में लगभग ₹20 प्रति लीटर कम रखी गई है, ताकि घरेलू स्तर पर उत्पादित इथेनॉल का आर्थिक लाभ फ्लेक्स फ्यूल वाहन उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here