वैश्विक चीनी उद्योग पर एथेनॉल संकट की आहट, भारत और ब्राज़ील के उत्पादन रुख से बढ़ी चिंता

मुंबई/साओ पाउलो:एस एंड पी ग्लोबल में प्रकाशित खबर में कहा गया है की, दुनिया के दो सबसे बड़े चीनी उत्पादक देशों भारत और ब्राज़ील के बदलते उत्पादन रुख ने वैश्विक चीनी बाजार में आपूर्ति को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। एक ओर भारत का चीनी उद्योग एथेनॉल उत्पादन को लाभकारी बनाए रखने के लिए सरकार से एथेनॉल कीमतों में बढ़ोतरी की मांग कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ब्राज़ील चीनी की बजाय एथेनॉल उत्पादन को प्राथमिकता देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।ऐसे में वैश्विक स्तर पर चीनी की उपलब्धता पर दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

एथेनॉल कीमतें नहीं बढ़ीं तो चीनी उत्पादन की ओर लौट सकते हैं उद्योग…

ChiniMandi WhatsApp Channel

मुंबई में आयोजित शुगर एथेनॉल बायोएनर्जी इंडिया कॉन्फ्रेंस (SEIC) 2026 में आयोजित एक विशेष संवाद सत्र के दौरान अतुल चतुर्वेदी ने कहा कि, यदि गन्ने के रस से बनने वाले एथेनॉल की कीमतों में पर्याप्त वृद्धि नहीं की गई, तो उद्योग एथेनॉल उत्पादन छोड़कर अधिक चीनी उत्पादन की ओर रुख कर सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि, ऐसी स्थिति में वर्ष 2026-27 में भारत का एथेनॉल उत्पादन केवल शीरे (मोलासेस) आधारित लगभग 3 अरब लीटर तक सीमित रह सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि, संभावित अल नीनो प्रभाव के कारण गन्ना उत्पादन में भी गिरावट आ सकती है।

वैश्विक चीनी उत्पादन में गिरावट का अनुमान…

अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) के अनुसार वर्ष 2026-27 में वैश्विक चीनी उत्पादन घटकर 184.9 मिलियन टन रह सकता है। ब्राज़ील, यूरोपीय संघ, अमेरिका और थाईलैंड में उत्पादन में संभावित कमी, भारत में बढ़ने वाले उत्पादन से भी अधिक प्रभाव डाल सकती है।वहीं, इंटरनेशनल शुगर ऑर्गेनाइजेशन ने 2026-27 के लिए लगभग 2.62 लाख टन वैश्विक चीनी आपूर्ति घाटे का अनुमान लगाया है।

ब्राज़ील में एथेनॉल उत्पादन को मिल रही प्राथमिकता…

ब्राज़ील में 2026-27 सीजन के दौरान चीनी उत्पादन 42.5 मिलियन टन रहने का अनुमान है, जो पिछले सीजन की तुलना में 13 लाख टन कम होगा। इसका प्रमुख कारण अधिक गन्ने का उपयोग इथेनॉल उत्पादन के लिए किया जाना है।विशेषज्ञों का मानना है कि, ब्राज़ील द्वारा गन्ने का कितना हिस्सा चीनी और कितना इथेनॉल उत्पादन में लगाया जाता है, यह आने वाले समय में वैश्विक चीनी बाजार की दिशा तय करेगा।

भारत के सामने दोहरी चुनौती…

अतुल चतुर्वेदी के अनुसार, यदि घरेलू चीनी कीमतें 38 से 40 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच रहती हैं, तो गन्ने के रस से एथेनॉल बनाना आर्थिक रूप से लाभकारी नहीं रहेगा। ऐसे में केवल शीरे आधारित एथेनॉल उत्पादन ही व्यवहार्य विकल्प बचेगा। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 11 जून तक मुंबई बाजार में चीनी का भाव लगभग 49 रुपये प्रति किलोग्राम था।हालांकि, भारत में 2026-27 विपणन वर्ष के दौरान चीनी उत्पादन 8.2 प्रतिशत बढ़कर 3.02 करोड़ टन तक पहुंचने का अनुमान है, लेकिन अल नीनो के प्रभाव से यह अनुमान बदल भी सकता है।

निर्यात प्रतिबंध जारी रहने की संभावना…

भारत सरकार के विदेश व्यापार महानिदेशालय ने चीनी निर्यात पर प्रतिबंध को तत्काल प्रभाव से 30 सितंबर तक बढ़ा दिया है।बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि, घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करने और इथेनॉल उत्पादन को प्राथमिकता देने के कारण यह प्रतिबंध 2026-27 विपणन वर्ष तक जारी रह सकता है।

एथेनॉल क्षमता का पूरा उपयोग नहीं हो रहा…

भारत में एथेनॉल उत्पादन क्षमता लगभग 20 अरब लीटर प्रतिवर्ष तक पहुंच चुकी है, जबकि तेल विपणन कंपनियां E-20 मिश्रण कार्यक्रम के तहत केवल 11 से 12 अरब लीटर एथेनॉल की खरीद कर रही हैं।अतुल चतुर्वेदी के अनुसार चीनी उद्योग की एथेनॉल उत्पादन क्षमता का उपयोग वर्तमान में केवल 35 से 40 प्रतिशत तक ही हो पा रहा है। इसी कारण उद्योग ने फिलहाल नई क्षमता विस्तार योजनाओं को भी रोक दिया है।

अल नीनो बना सबसे बड़ा जोखिम…

प्रकाश नाईकनवरे ने कहा कि, 2026-27 में चीनी उत्पादन का सबसे बड़ा निर्धारक कारक अल नीनो का गन्ने की फसल पर पड़ने वाला प्रभाव होगा। यदि मौसम के कारण गन्ने में सुक्रोज की मात्रा प्रभावित होती है, तो उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा।जलवायु विशेषज्ञों के अनुसार इस वर्ष के अंत तक अल नीनो बनने की संभावना 98 प्रतिशत तक पहुंच गई है। ब्राज़ील में इससे अत्यधिक वर्षा और कटाई कार्य प्रभावित होने का खतरा है, जबकि भारत और थाईलैंड में कम बारिश और अधिक तापमान गन्ने की वृद्धि को प्रभावित कर सकते हैं।

खाद्य और ईंधन के बीच बढ़ता संतुलन संकट…

विशेषज्ञों का मानना है कि, आने वाले वर्षों में वैश्विक चीनी उद्योग को खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और किसानों की आय के बीच संतुलन बनाने की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। भारत और ब्राज़ील जैसे प्रमुख उत्पादकों के फैसले न केवल चीनी बाजार बल्कि वैश्विक एथेनॉल उद्योग की दिशा भी तय करेंगे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here