पीएम किसान सम्मान निधि से गन्ना पर्ची तक के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य, किसानों की सुविधा के लिए चीनी मिल परिसरों में विशेष रजिस्ट्रेशन शिविर लगाए जाएंगे

बेतिया (बिहार) : पश्चिम चंपारण जिले में अब किसानों के लिए फार्मर आईडी (किसान रजिस्ट्रेशन) कराना अनिवार्य कर दिया गया है। खासकर गन्ना किसानों को अब बिना रजिस्ट्रेशन के न तो चीनी मिल से किसान कोड मिलेगा और न ही गन्ना पेराई के लिए पर्ची जारी की जाएगी।जिला प्रशासन ने यह नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी है।अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा ने बताया कि, जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर जिले के सभी पात्र किसानों को किसान रजिस्ट्रेशन से जोड़ने के लिए यह फैसला लिया गया है। इसके तहत सभी चीनी मिल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि, किसान रजिस्ट्रेशन के बिना किसी किसान को गन्ना आपूर्ति की प्रक्रिया में शामिल न किया जाए।

किसानों को रजिस्ट्रेशन में परेशानी न हो, इसके लिए जिला कृषि पदाधिकारी को सभी संबंधित चीनी मिलों में कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं किसानों की सुविधा के लिए चीनी मिल परिसरों में विशेष रजिस्ट्रेशन शिविर भी लगाए जाएंगे। जिला कृषि पदाधिकारी सरफराज असगर ने बताया कि पश्चिम चंपारण किसान रजिस्ट्रेशन के मामले में पूरे बिहार में दूसरे स्थान पर है। जिले में अब तक 1,60,170 किसानों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है, जो पीएम किसान सम्मान निधि से जुड़े 3,40,801 किसानों का करीब 52.8 प्रतिशत है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

प्रशासन का मानना है कि, नई व्यवस्था लागू होने के बाद जिले के सभी गन्ना किसानों का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित हो सकेगा। जिले में 1.70 लाख से अधिक गन्ना किसान हैं, जो किसी न किसी चीनी मिल से जुड़े हुए हैं। जिलाधिकारी ने किसान रजिस्ट्रेशन अभियान को और तेज करने के लिए संबंधित विभागों की टीमों को किसानों के घर-घर जाकर रजिस्ट्रेशन करने का निर्देश दिया है। यह विशेष अभियान 26 मई सुबह 7 बजे से शुरू किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन इस अभियान की लगातार निगरानी भी कर रहा है।जिलाधिकारी स्वयं किसान रजिस्ट्रेशन में लगे कर्मचारियों की लॉगिंग और प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा कर रहे हैं।अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि, जिन कर्मचारियों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया जाएगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here