महाराष्ट्र के 48 चीनी मिलों पर किसानों का 298 करोड़ रुपये एफआरपी बकाया

पुणे : महाराष्ट्र में वर्ष 2025-26 के गन्ना पेराई सत्र में शामिल 210 चीनी मिलों में से 162 मिलों ने किसानों को एफआरपी (उचित एवं लाभकारी मूल्य) का 100 प्रतिशत भुगतान कर दिया है। हालांकि, 30 जून तक की रिपोर्ट के अनुसार, 48 चीनी मिलों पर अभी भी किसानों के 298 करोड़ रुपये बकाया हैं। राज्य की चीनी मिलों ने अब तक कुल देय एफआरपी का 99.26 प्रतिशत भुगतान किया है।

राज्य में अप्रैल के अंत तक 10 करोड़ 45 लाख 63 हजार टन गन्ने की पेराई की गई। गन्ना कटाई और परिवहन खर्च सहित किसानों को कुल 40,446 करोड़ रुपये एफआरपी के रूप में भुगतान किया जाना था। इसमें से चीनी मिलों ने किसानों के बैंक खातों में 40,148 करोड़ रुपये जमा कर दिए हैं, जो कुल देय राशि का 99.26 प्रतिशत है।शेष 298 करोड़ रुपये का भुगतान अभी 48 मिलों द्वारा किया जाना बाकी है। इस बकाया राशि की वसूली के लिए चीनी आयुक्तालय लगातार कार्रवाई कर रहा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

एफआरपी भुगतान में विफल 10 चीनी मिलों पर आरआरसी कार्रवाई…

किसानों को समय पर एफआरपी का भुगतान नहीं करने वाली 10 चीनी मिलों के खिलाफ चीनी आयुक्त कार्यालय ने आरआरसी (राजस्व वसूली प्रमाणपत्र) के तहत कार्रवाई की है। इनमें सोलापुर जिले की गोकुल शुगर्स, भीमा सहकारी चीनी मिल, श्री संत कुर्मदास सहकारी चीनी मिल, कमलाभवानी ग्लोबल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, धाराशिव जिले की भीमाशंकर शुगर मिल्स लिमिटेड, श्री विठ्ठलसाई सहकारी चीनी मिल, अहिल्यानगर जिले की केदारेश्वर सहकारी चीनी मिल, नासिक जिले की एस. जे. शुगर डिस्टिलरी और अष्टलक्ष्मी शुगर एंड एथेनॉल तथा छत्रपति संभाजीनगर जिले की सचिन घायाल शुगर मिल शामिल हैं।

तीन मिलों ने किया बकाया भुगतान…

चीनी आयुक्तालय की कार्रवाई के बाद कमलाभवानी ग्लोबल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भीमाशंकर शुगर मिल्स लिमिटेड और केदारेश्वर सहकारी चीनी मिल ने किसानों का पूरा बकाया भुगतान कर दिया है।वहीं, संत एकनाथ-सचिन घायाल शुगर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 19.49 करोड़ रुपये की एफआरपी बकाया नहीं चुकाने पर उसकी जब्त संपत्तियों की लगभग 8.09 करोड़ रुपये में सार्वजनिक नीलामी की गई है। अधिकारियों का कहना है कि, किसानों के बकाया भुगतान सुनिश्चित करने के लिए आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here