लखनऊ: उत्तर प्रदेश में गन्ने की फसल पर बढ़ते टॉप बोरर कीट के प्रकोप ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इस कीट पर नियंत्रण के लिए खेतों में लाइट ट्रैप और सोलर लाइट ट्रैप लगाने की जरूरत को देखते हुए किसानों ने रात के समय बिजली आपूर्ति की मांग की है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत प्रमुख गन्ना उत्पादक क्षेत्रों के किसानों को शाम 6 बजे से आधी रात तक सिंगल-फेज बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की है।
टिकैत ने कहा कि, टॉप बोरर के प्रकोप से गन्ने की बढ़वार और उत्पादन प्रभावित हो सकता है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने इस संबंध में 16 सितंबर को मेरठ के जिलाधिकारी द्वारा पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को भेजे गए पत्र का भी उल्लेख किया। यह पत्र जिला कृषि रक्षा अधिकारी की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर भेजा गया था।
तकनीकी रिपोर्ट के अनुसार, टॉप बोरर एक रात्रिचर कीट है, जो रोशनी की ओर आकर्षित होता है। ऐसे में गन्ने के खेतों में लाइट ट्रैप और सोलर लाइट ट्रैप लगाने से इस कीट के नियंत्रण में मदद मिल सकती है।इस मुद्दे पर 1 सितंबर को मेरठ मंडल में अधिकारियों और किसानों की बैठक में भी चर्चा हुई थी।
बैठक में किसानों ने लाइट ट्रैप चलाने के लिए शाम 6 बजे से आधी रात तक बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग रखी थी।राकेश टिकैत ने मुख्यमंत्री से संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है, ताकि किसानों को रात के समय बिजली उपलब्ध हो सके और वे लाइट ट्रैप तथा सोलर लाइट ट्रैप के जरिए गन्ने की फसल को टॉप बोरर से बचाने के उपाय कर सकें।


















