लखनऊ: किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर शुक्रवार को लखनऊ में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। संयुक्त किसान मोर्चा और संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर किसानों ने गुरुवार रात मंडलायुक्त कार्यालय में धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने मंडलायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने सभी कृषि फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने और गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की। किसान नेताओं ने राष्ट्रपति से किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने और केंद्र सरकार को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देने की अपील की।
सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप
प्रदर्शन में शामिल किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि, किसान आंदोलन के दौरान सरकार ने किसानों से कई वादे किए थे, लेकिन अब तक उन्हें पूरा नहीं किया गया है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जबकि खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है। किसानों का कहना है कि खाद, बीज, डीजल और बिजली की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से खेती करना महंगा होता जा रहा है। ऐसे में किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए सभी कृषि फसलों पर MSP की कानूनी गारंटी जरूरी है, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित और सुनिश्चित मूल्य मिल सके।
धान खरीद में देरी से किसानों की परेशानी बढ़ी
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के लखीमपुर खीरी जिला अध्यक्ष हरदयाल सिंह संधू ने धान खरीद व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि, सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद में देरी हो रही है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि, उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण किसान अपनी उपज बेचने के लिए भटक रहे हैं। सरकार को धान खरीद प्रक्रिया पारदर्शी बनानी चाहिए और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा लाभ सुनिश्चित करना चाहिए।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि, जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होतीं और सरकार द्वारा किए गए वादों को लागू नहीं किया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने सरकार से एमएसपी की कानूनी गारंटी, गन्ने का उचित मूल्य और धान खरीद व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की।


















