पलवल : गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा पलवल ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। इसी कड़ी में आगामी 30 नवंबर को बामनीखेड़ा गांव स्थित पलवल चीनी मिल परिसर में किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। यह फैसला जाट धर्मशाला में किसान नेताओं की बैठक के दौरान लिया गया।बैठक के बाद संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने कहा कि, खेती की बढ़ती लागत, कृषि सब्सिडी में कटौती और बेमौसम बारिश के कारण गन्ना उत्पादक किसान गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
चीनी के बढ़ते दाम के बीच गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग
किसान नेताओं ने कहा कि बाजार में चीनी के दामों में काफी बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में गन्ने का मूल्य कम से कम 600 रुपये प्रति क्विंटल तय किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में देशभर में आंदोलन चलने के बावजूद केंद्र और राज्य सरकारें किसानों की मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही हैं।नेताओं ने हरियाणा सरकार की ओर से गन्ने के मूल्य में की गई 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को किसानों के साथ मजाक बताते हुए इसे खारिज कर दिया। उन्होंने पड़ोसी राज्यों का हवाला देते हुए हरियाणा सरकार से गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग दोहराई।
पलवल चीनी मिल के घाटे पर भी उठाए सवाल
संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने पलवल चीनी मिल की वित्तीय स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के चलते मिल का घाटा 500 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। किसान नेताओं का कहना है कि एक ओर मिल घाटे में चल रही है, वहीं दूसरी ओर किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य देने के लिए सरकार के पास धन नहीं है।किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। 30 नवंबर की किसान महापंचायत में आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।

















