एफसीआई ने एथेनॉल प्लांट्स को खरीद लागत से 40% कम कीमत पर बेचा चावल, राज्यसभा में सरकार ने दी जानकारी

नई दिल्ली : भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने जून 2025 से जून 2026 के बीच एथेनॉल डिस्टिलरी प्लांट्स को ₹2,250 से ₹2,320 प्रति क्विंटल की दर से चावल बेचा, जबकि इस अवधि में एफसीआई की औसत खरीद लागत ₹3,720 से ₹3,889 प्रति क्विंटल रही। इस प्रकार चावल की बिक्री उसकी खरीद लागत से लगभग 40 प्रतिशत कम कीमत पर की गई। यह जानकारी मंगलवार को राज्यसभा में सरकार द्वारा लिखित उत्तर के माध्यम से दी गई।

सांसद अशोक सिंह के प्रश्न के उत्तर में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया ने बताया कि, एफसीआई ने 12 महीनों के दौरान अपने गोदामों से एथेनॉल प्लांट्स को कुल 63.5 लाख टन चावल भेजा, जिसकी कुल कीमत ₹14,596.78 करोड़ रही।एथेनॉल प्लांट्स को चावल की आपूर्ति प्राप्त करने वाले राज्यों में हरियाणा सबसे आगे रहा, जहां 8,44,141 टन चावल भेजा गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश (8,38,645 टन), पंजाब और हिमाचल प्रदेश (संयुक्त रूप से 6,58,952 टन), पश्चिम बंगाल (5,84,672 टन) और मध्य प्रदेश (4,32,485 टन) का स्थान रहा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ओपन मार्केट सेल स्कीम (घरेलू) के तहत एथेनॉल डिस्टिलरी प्लांट्स के लिए जून से अक्टूबर 2025 तक चावल की कीमत ₹2,250 प्रति क्विंटल निर्धारित की गई थी। नवंबर 2025 से अक्टूबर 2026 तक यह दर ₹2,320 प्रति क्विंटल रही, जबकि नवंबर 2026 से जून 2027 के लिए इसे बढ़ाकर ₹2,390 प्रति क्विंटल कर दिया गया है। एफसीआई की औसत खरीद लागत वर्ष 2024-25 में ₹3,719.72 प्रति क्विंटल और वर्ष 2025-26 (संशोधित अनुमान) में ₹3,889.46 प्रति क्विंटल रही। खरीद लागत वह राशि होती है जो एफसीआई किसानों से चावल खरीदने में खर्च करता है, जबकि आर्थिक लागत में खरीद, भंडारण, परिवहन और वितरण तक के सभी खर्च शामिल होते हैं।

सरकार ने अपने उत्तर में कहा कि, एथेनॉल उत्पादकों को किसी प्रकार की प्रत्यक्ष सब्सिडी नहीं दी जा रही है, क्योंकि चावल ओएमएसएस (डी) के तहत निर्धारित कीमत पर बेचा जाता है। हालांकि, सरकार ने बिक्री मूल्य और एफसीआई की खरीद लागत के बीच लगभग 40 प्रतिशत के अंतर का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया। राज्यसभा में यह भी जानकारी दी गई कि, एथेनॉल उत्पादन के लिए आवंटित एफसीआई चावल के दुरुपयोग के दो मामले सामने आए हैं। संबंधित राज्यों के खाद्य विभागों ने दोनों डिस्टिलरी प्लांट्स के खिलाफ कार्रवाई की है और एफसीआई ने उन्हें आगे चावल आवंटित करना बंद कर दिया है। हालांकि, सरकार ने इन डिस्टिलरी संयंत्रों के नाम सार्वजनिक नहीं किए।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here