केन्या में खराब चीनी की बाजार में एंट्री की आशंका, संसदीय समिति ने शुरू की जांच

नैरोबी: केन्या की राष्ट्रीय विधानसभा की व्यापार, उद्योग और सहकारिता समिति ने असुरक्षित / खराब चीनी की बाजार में एंट्री की जांच शुरू कर दी है। उपभोक्ता सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले ने देशभर में चिंता बढ़ा दी है। समिति के अध्यक्ष और इकोलोमानी सांसद बर्नार्ड शिनाली के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने किसुमु में स्थित चैथे ग्रुप ऑफ कंपनीज के प्रतिष्ठानों का दौरा किया। इस दौरान कंपनी के चेयरमैन राजू चैथे के मार्गदर्शन में सांसदों ने कंपनी की सहयोगी इकाई मोम्बासा शुगर रिफाइनरी के गोदामों का निरीक्षण किया और चीनी के भंडारण व प्रसंस्करण की स्थिति का जायजा लिया।

जांच के लिए बहु-एजेंसी टीम के साथ मिलकर काम…

ChiniMandi WhatsApp Channel

शिनाली ने कहा कि, समिति देशभर में इसी तरह की जांच करेगी। विभिन्न स्थानों से चीनी के नमूने लेकर उनकी प्रयोगशाला जांच कराई जाएगी और यह भी सत्यापित किया जाएगा कि कच्ची चीनी के आयात और शोधन में सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया है या नहीं। उन्होंने उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि, सरकार किसी भी हालत में असुरक्षित चीनी को बाजार में पहुंचने नहीं देगी। उन्होंने बताया कि, इस मामले की जांच के लिए बहु-एजेंसी टीम के साथ मिलकर काम किया जा रहा है ताकि बाजार में उपलब्ध चीनी मानव उपभोग के लिए पूरी तरह सुरक्षित हो।

औद्योगिक चीनी के बाजार में पहुंचने की आशंका…

यह जांच उन रिपोर्टों के बाद शुरू की गई है जिनमें आशंका जताई गई थी कि औद्योगिक उपयोग के लिए आयात की गई चीनी खुदरा बाजार तक पहुंच सकती है। इससे उपभोक्ताओं में चिंता और घबराहट का माहौल बन गया है। इससे पहले सांसदों ने लगभग 27,839 मीट्रिक टन चीनी के आयात को लेकर सवाल उठाए थे, जिसकी कीमत करीब 1.5 अरब केन्याई शिलिंग बताई गई है। आशंका थी कि, यह खेप स्थानीय बाजार में डायवर्ट कर दी गई हो सकती है।

मानकों पर खरी नहीं उतरी आयातित चीनी

12 मई को हुई समिति की बैठक में सांसदों ने केन्या शुगर बोर्ड (KSB) के अधिकारियों से इस खेप के प्रबंधन और वर्तमान स्थिति को लेकर जवाब मांगा था। यह चीनी मोम्बासा शुगर रिफाइनरी लिमिटेड द्वारा आयात की गई थी। केन्या ब्यूरो ऑफ स्टैंडर्ड्स (KEBS) की जांच में पाया गया कि, यह चीनी केवल आगे शोधन (रिफाइनिंग) के लिए उपयुक्त कच्ची चीनी के मानकों पर खरी उतरती है और सीधे उपभोग के लिए सुरक्षित नहीं है। सांसदों ने यह भी सवाल उठाया कि, बिना उचित मंजूरी दस्तावेजों के इस चीनी को मोम्बासा से नैरोबी कैसे पहुंचाया गया। समिति ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है।

सुरक्षा निगरानी में रखी गई चीनी…

केन्या शुगर बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जूड चेसीरे ने सांसदों को बताया कि, विवादित चीनी की खेप को उपभोक्ता बाजार में नहीं छोड़ा गया है और उसे कड़ी निगरानी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि, नैरोबी में रखी गई खेप की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी और उसे सील कर सुरक्षित रखा गया है। इसके अलावा, किसुमु तक ले जाए जाने वाले ट्रकों की इलेक्ट्रॉनिक ट्रैकिंग भी की जाएगी। बोर्ड के विनियमन एवं अनुपालन निदेशक सैमवेल केम्बो ने बताया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान चीनी की खेप सीलबंद और सुरक्षित रही। खेप का पहला हिस्सा 3 मई को स्टैंडर्ड गेज रेलवे के माध्यम से नैरोबी पहुंचा था।

दक्षिण अफ्रीका से आई थी खेप…

यह चीनी दक्षिण अफ्रीका से आयात की गई थी और फरवरी की शुरुआत में मोम्बासा बंदरगाह पर पहुंची थी। मार्च में सीमा शुल्क और नियामक एजेंसियों ने जांच के दौरान घोषित मात्रा से 1,481 टन अतिरिक्त चीनी मिलने पर पूरी खेप को बहु-एजेंसी सत्यापन प्रक्रिया के तहत निगरानी में रख दिया था। इस बीच, केन्या सरकार घरेलू चीनी उत्पादन बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने के प्रयासों को तेज कर रही है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा, उपभोक्ता स्वास्थ्य और चीनी उद्योग में जवाबदेही को लेकर यह मामला काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here