फिजी : गन्ना कटाई में देरी से किसानों को हर सप्ताह 35 लाख डॉलर का नुकसान, चीनी उद्योग पर गहराया संकट

सुवा : फिजी में गन्ने की कटाई और चीनी मिलों तक आपूर्ति में लगातार हो रही देरी के कारण किसानों को हर सप्ताह लगभग 35 लाख अमेरिकी डॉलर की संभावित आय का नुकसान उठाना पड़ रहा है। फिजी शुगर कॉरपोरेशन (एफएससी) ने चेतावनी दी है कि, यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो इसका असर न केवल किसानों बल्कि पूरे चीनी उद्योग और देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। एफएससी के अध्यक्ष नित्या रेड्डी ने बताया कि, चीनी मिलें 1 जुलाई से पेराई के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन गन्ने की कटाई और आपूर्ति शुरू नहीं होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

उन्होंने कहा कि, मौजूदा स्थिति में किसानों की करीब 35 लाख डॉलर प्रति सप्ताह की आय प्रभावित हो रही है, जो तीन सप्ताह में बढ़कर लगभग 1.1 करोड़ डॉलर तक पहुंच चुकी है। एफएससी ने चेतावनी दी कि, यदि कटाई में और देरी हुई तो पेराई का कार्य वर्षा ऋतु तक खिंच जाएगा। इससे गन्ने की कटाई और परिवहन कठिन होने के साथ-साथ सभी संबंधित पक्षों की लागत भी बढ़ जाएगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कॉरपोरेशन ने कहा कि, लंबे समय तक गन्ना खेतों में खड़ा रहने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित होगी और चीनी रिकवरी में भी कमी आएगी। वर्ष 2025 के अनुभव का हवाला देते हुए एफएससी ने बताया कि देर से कटाई के कारण उस समय गन्ने से चीनी उत्पादन (टीसीटीएस) का प्रदर्शन कमजोर रहा था और किसानों को कम लाभ मिला था।

एफएससी ने यह भी कहा कि, इस संकट का असर किसानों, मौसमी श्रमिकों और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की नकदी व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। वर्तमान में लगभग 400 मौसमी कर्मचारी पेराई शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, जिससे उन्हें हर सप्ताह करीब 1.25 लाख डॉलर की मजदूरी का नुकसान हो रहा है, जबकि दूसरी ओर एफएससी मिलों की तैयारियों पर लगातार खर्च उठा रही है।

चीनी भंडार को लेकर भी एफएससी ने चिंता जताई है। कॉरपोरेशन के अनुसार, देश में स्थानीय चीनी का स्टॉक पूरी तरह समाप्त हो चुका है, जिसके कारण 635 टन चीनी का आयात करना पड़ा है। घरेलू और क्षेत्रीय मांग को पूरा करने के लिए कुल 4,300 टन चीनी की आवश्यकता है। इसके अलावा, अमेरिका को अगस्त के मध्य तक भेजे जाने वाले 9,200 टन चीनी के निर्यात आदेश पर भी संकट मंडरा रहा है। एफएससी ने कहा कि, यदि समय पर उत्पादन नहीं हुआ तो भविष्य में अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच भी प्रभावित हो सकती है।

नित्या रेड्डी ने स्वीकार किया कि, उद्योग के सामने कई परिचालन संबंधी चुनौतियां हैं, लेकिन उन्होंने गन्ने की गुणवत्ता, रैटून फसल प्रबंधन और किसानों की उत्पादकता में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने किसानों से बिना किसी और देरी के गन्ने की कटाई शुरू करने की अपील की।

इस बीच, लाबासा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष विनेश दयाल ने कहा कि चीनी उद्योग स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उनके अनुसार, जब चीनी मिलें बंद रहती हैं तो इसका असर केवल किसानों और मिल कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि खुदरा व्यापारियों, परिवहन सेवाओं, सेवा प्रदाताओं और छोटे कारोबारियों की आय भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि, लाबासा की अर्थव्यवस्था चीनी उद्योग पर ही टिकी हुई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here