सुवा : फिजी शुगर कॉर्पोरेशन (FSC) ने वर्ष 2026 के पेराई सीजन के लिए गन्ना डिलीवरी मूल्य में वृद्धि की घोषणा की है। नए निर्णय के तहत गन्ना किसानों को अब 47 डॉलर प्रति टन की दर मिलेगी, जो पहले की तुलना में 5 डॉलर प्रति टन अधिक है। एफएससी ने बुधवार रात जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि, बढ़ती उत्पादन लागत और विशेष रूप से ईंधन कीमतों में वृद्धि के बीच यह फैसला किसानों को राहत प्रदान करेगा।
फिजी शुगर कॉर्पोरेशन के अनुसार, यह बढ़ोतरी सरकार द्वारा दिए गए 12.56 डॉलर प्रति टन के अतिरिक्त अनुदान (टॉप-अप) की बदौलत संभव हो सकी है। यह राशि सरकार के उस 85 डॉलर प्रति टन के गारंटीकृत सहायता पैकेज का हिस्सा है, जो गन्ना किसानों को समर्थन देने के लिए उपलब्ध कराया गया है। पिछले कुछ समय से गन्ना किसान बढ़ती उत्पादन लागत, ईंधन कीमतों में वृद्धि और कृषि इनपुट्स की महंगाई जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में गन्ना मूल्य में की गई यह वृद्धि किसानों की आय बढ़ाने और आर्थिक दबाव कम करने में मददगार साबित हो सकती है।
एफएससी ने कहा कि, संशोधित दर से किसानों को बेहतर आर्थिक सहयोग मिलेगा और वे आगामी सीजन के लिए अधिक उत्साह के साथ खेती कर सकेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि, गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी से किसानों का मनोबल बढ़ेगा, जिससे फिजी के चीनी उद्योग को भी मजबूती मिलेगी। यह कदम गन्ना उत्पादन को प्रोत्साहित करने और उद्योग की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


















