बिहार में पहली बार मानसून प्लांटिंग से होगी गन्ने की खेती, पश्चिम चंपारण के किसानों को मिलेगा नया अवसर

बेतिया : बिहार में पहली बार बड़े पैमाने पर मानसून प्लांटिंग के माध्यम से गन्ने की खेती की शुरुआत होने जा रही है।‘प्रभात खबर’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, पश्चिम चंपारण स्थित नरकटियागंज चीनी मिल ने इस नई पहल का निर्णय लिया है। पहले चरण में थरुहट क्षेत्र के जंगल से सटे रेतीले और असिंचित इलाकों में इस योजना को लागू किया जाएगा। चीनी मिल प्रबंधन के अनुसार, शुरुआती चरण में 50 किसानों को रोगमुक्त गन्ने का बीज उपलब्ध कराया गया है, जबकि 125 किसान मानसून प्लांटिंग के लिए अपना आवेदन दे चुके हैं। संभावना है कि एक अगस्त से गन्ने की रोपाई का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

रेतीली जमीन पर भी होगी लाभकारी खेती…

ChiniMandi WhatsApp Channel

खबर के अनुसार, गौनाहा प्रखंड के बेलसंडी पंचायत स्थित मितनी गांव में आयोजित किसान गोष्ठी में नरकटियागंज चीनी मिल के कार्यपालक अध्यक्ष रविंद्र कुमार तिवारी ने किसानों से मानसून प्लांटिंग अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रेतीली और ऊपरी भूमि, जहां दूसरी फसलें सफल नहीं हो पातीं, वहां गन्ने की खेती किसानों के लिए लाभदायक विकल्प बन सकती है। इससे खेती का रकबा बढ़ेगा और किसानों की आय में भी बढ़ोतरी होगी।

रोगमुक्त बीज और हरी खाद से बढ़ेगी मिट्टी की उर्वरता

चीनी मिल प्रबंधन ने बताया कि किसानों को मिल के फार्म से रोगमुक्त गन्ने का बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही गन्ने की दो कतारों के बीच ढैंचा की बुवाई हरी खाद के रूप में कराई जाएगी। इससे मिट्टी की जैविक गुणवत्ता और उर्वरा शक्ति में सुधार होगा। ढैंचा के बीज का वितरण पूरा हो चुका है और खेतों की तैयारी अंतिम चरण में है।

खाली पड़ी जमीन बनेगी किसानों की आमदनी का जरिया

मिल प्रबंधन ने जमुनिया, भवानीपुर, सिंहासिनी और गौनाहा क्षेत्र के नदी किनारे स्थित रेतीले इलाकों का चयन किया है। इन क्षेत्रों में जलभराव नहीं होता, जिससे वर्षा ऋतु में गन्ने की अच्छी बढ़वार होती है। किसानों को इस नई तकनीक से जोड़ने के लिए गांव-गांव संपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जहां अब तक केवल घास उगती थी, वहां अब गन्ने की फसल किसानों की आय बढ़ाने का माध्यम बनेगी।

आयुक्त ने पहल को बताया सराहनीय

बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग के आयुक्त अनिल झा ने कहा कि चंपारण तेजी से गन्ने की खेती का प्रमुख केंद्र बन रहा है। राज्य सरकार गन्ने की खेती का दायरा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नरकटियागंज चीनी मिल की मानसून प्लांटिंग पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश में गन्ना खेती के क्षेत्र में नई क्रांति आने की उम्मीद है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here