गन्ना किसानों के दबाव के बाद ही जागा एफएससी : फिजी के विपक्षी सांसद का आरोप

सुवा : फिजी के विपक्षी सांसद वियाम पिल्ले ने आरोप लगाया कि, फिजी शुगर कॉर्पोरेशन (एफएससी) ने गन्ना किसानों की समस्याओं को चीनी मंत्रालय के सामने तभी उठाया, जब उन्होंने स्वयं किसानों की ओर से इन मुद्दों को सार्वजनिक रूप से सामने रखा। एफएससी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पिल्ले ने कहा कि, यह सकारात्मक कदम है कि एफएससी बोर्ड और प्रबंधन किसानों की चिंताओं को लेकर सुवा पहुंचे, लेकिन सवाल यह है कि यह पहल पहले क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा, यह स्वागतयोग्य है कि एफएससी बोर्ड और प्रबंधन आखिरकार गन्ना किसानों की वास्तविक समस्याओं को लेकर चीनी मंत्रालय पहुंचे हैं। लेकिन यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि यह कदम तभी उठाया गया, जब मैंने किसानों और उनके परिवारों की ओर से इन मुद्दों को मजबूती से उठाया।

पिल्ले के अनुसार, एफएससी बोर्ड को गन्ना मूल्य संकट की जानकारी पहले से थी, लेकिन उसने समय रहते कोई प्रयास नहीं किया। उन्होंने सवाल उठाया कि, अनुमानित गन्ना मूल्य घोषित होने से पहले बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड ने सरकार पर दबाव क्यों नहीं बनाया। उन्होंने एफएससी के अध्यक्ष नित्या रेड्डी और बोर्ड की कार्यप्रणाली की भी आलोचना की। पिल्ले ने कहा कि, बोर्ड कई महत्वपूर्ण मामलों में किसानों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है और किसानों का भरोसा लगातार कमजोर हुआ है। विपक्षी सांसद ने कहा कि, वर्तमान में सबसे बड़ा मुद्दा गन्ने की ढुलाई भुगतान दर है। उनके अनुसार, मौजूदा भुगतान प्रणाली कटाई और परिवहन की बढ़ती लागत को पूरा नहीं कर पा रही है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा कि, कई किसानों को इस सीजन में गन्ने की कटाई शुरू करने के लिए भी कर्ज लेना पड़ सकता है। पिल्ले ने 2022 के चुनावों से पहले प्रति टन 110 डॉलर मूल्य के किए गए वादे की भी याद दिलाई। पिल्ले ने चीनी उद्योग न्यायाधिकरण और एफएससी से यह स्पष्ट करने की मांग की कि हाल ही में घोषित 85 डॉलर प्रति टन के न्यूनतम गन्ना मूल्य का किसानों को मिलने वाले ढुलाई भुगतान पर क्या प्रभाव पड़ेगा। उनका कहना है कि अनुमानित गन्ना मूल्य को वास्तविक लागत के अनुसार संशोधित किया जाना चाहिए। उन्होंने ट्रक संचालकों के लिए ईंधन पर राहत और यांत्रिक हार्वेस्टरों के लिए एक समान दरें लागू करने की भी मांग की। साथ ही सरकार और संबंधित एजेंसियों से जल्द नई मूल्य घोषणा और राहत पैकेज जारी करने का आग्रह किया।

हालांकि, उन्होंने किसानों की समस्याओं को लेकर तीखी आलोचना की, लेकिन किसानों से 2026 की गन्ना फसल का बहिष्कार नहीं करने की अपील भी की। उनका कहना है कि, बहिष्कार से लंबे समय में किसानों को ही नुकसान होगा।पिल्ले ने कहा कि, किसान चाहते हैं कि एफएससी केवल आश्वासन देने के बजाय ठोस कदम उठाए, भुगतान व्यवस्था में सुधार करे और पेराई सत्र शुरू होने से पहले आवश्यक सहायता उपलब्ध कराए।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here