अप्रैल में वैश्विक तेल मांग घटी, दाम नहीं सप्लाई संकट बना कारण : JP Morgan

नई दिल्ली : वैश्विक तेल बाजार में आई भारी उथल-पुथल के बीच अमेरिकी निवेश बैंक जेपी मॉर्गन ने एक महत्वपूर्ण रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, अप्रैल में वैश्विक तेल मांग में आई तेज गिरावट का मुख्य कारण ऊंची कीमतें नहीं, बल्कि आपूर्ति की भारी कमी है। आपूर्ति न मिलने की वजह से वास्तविक खपत पर सीधा असर पड़ रहा है।रिपोर्ट के अनुसार, मार्च में वैश्विक तेल आपूर्ति में व्यवधान उछलकर 91 लाख बैरल प्रतिदिन (mbd) पर पहुंच गया। इसके बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े संकट के चलते अप्रैल में यह आंकड़ा और बढ़कर 1.37 करोड़ बैरल प्रतिदिन तक जा पहुंचा। इसके बावजूद बाजार में आपूर्ति संतुलन बनाने वाले सामान्य तंत्र प्रभावी ढंग से काम नहीं कर सके।

रिपोर्ट में स्पष्ट कहा गया है कि, भौतिक कमी ही मांग में गिरावट के रूप में सामने आ रही है।अतिरिक्त उत्पादन क्षमता जो मुख्यतः सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के पास है, इस व्यवधान की भरपाई के लिए उपलब्ध नहीं रही। अमेरिका में शेल उत्पादकों की आपूर्ति प्रतिक्रिया में आमतौर पर तीन से छह महीने लग जाते हैं, जिसमें केवल 0.3 से 0.7 mbd की अतिरिक्त आपूर्ति की उम्मीद है। बड़ी वृद्धि यानी 1 mbd तक के लिए छह से बारह महीने लग सकते हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

रूस की अतिरिक्त उत्पादन क्षमता भी मात्र 3 लाख बैरल प्रतिदिन के आसपास सीमित है, जबकि बुनियादी ढांचे में व्यवधान के कारण उसका उत्पादन पहले से ही 3.5 लाख बैरल प्रतिदिन घट चुका है।आपूर्ति में कमी के चलते वैश्विक बाजार को तेल भंडार पर निर्भर होना पड़ा। मार्च में वैश्विक तेल भंडार में 40 लाख बैरल प्रतिदिन की कमी आई, जबकि अप्रैल में यह गिरावट और तेज होकर 71 लाख बैरल प्रतिदिन तक पहुंच गई। इसके बावजूद आपूर्ति का अंतर पूरी तरह नहीं भरा जा सका।

वैश्विक तेल मांग मार्च में 28 लाख बैरल प्रतिदिन घटी और अप्रैल में यह गिरावट और गहरी होकर 43 लाख बैरल प्रतिदिन तक पहुंचने का अनुमान है। रिपोर्ट में यह महत्वपूर्ण तथ्य उजागर किया गया कि, यह गिरावट तब आई जब तेल की कीमतें असाधारण रूप से ऊंची नहीं थीं। ब्रेंट क्रूड का औसत मार्च और अप्रैल में 100 डॉलर प्रति बैरल से कुछ नीचे रहा, जबकि डेटेड क्रूड का औसत मार्च में 107 डॉलर और अप्रैल में 123 डॉलर प्रति बैरल रहा। यह साबित करता है कि मांग में गिरावट कीमतों की वजह से नहीं, बल्कि भौतिक आपूर्ति की कमी के कारण है।

मध्य पूर्व, एशिया और अफ्रीका सबसे अधिक प्रभावित

रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल में कुल मांग गिरावट का 87 प्रतिशत हिस्सा मध्य पूर्व, एशिया और अफ्रीका के कुछ हिस्सों में केंद्रित रहा। ये क्षेत्र खाड़ी देशों के तेल पर भारी निर्भर हैं और आपूर्ति के झटकों को सहन करने की इनकी क्षमता सीमित है।क्षेत्रवार देखें तो पेट्रोकेमिकल और विमानन उद्योग सबसे बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। एलपीजी, एथेन और नैफ्था जैसे प्रमुख कच्चे माल की कमी के कारण एशिया की औद्योगिक इकाइयों को उत्पादन में कटौती करनी पड़ी। उड़ानों में व्यवधान के चलते विमानन मांग भी कमजोर पड़ी है।रिपोर्ट में भारत का विशेष उल्लेख करते हुए बताया गया कि, मार्च में भारत की एलपीजी खपत में पिछले वर्ष की तुलना में 13 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जो ईंधन मांग पर व्यापक संकट के प्रभाव को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।रिपोर्ट के अनुसार, भंडार की निकासी और मांग में गिरावट के बावजूद अभी भी लगभग 20 लाख बैरल प्रतिदिन का अंतर बना हुआ है। इसका मतलब है कि बाजार में संतुलन बहाल करने के लिए आगे और समायोजन की आवश्यकता होगी।(ANI)

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here