2026 में वैश्विक तेल मांग में 26 लाख बैरल प्रतिदिन की गिरावट का अनुमान, डीजल की हिस्सेदारी 25%: IEA

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) के अनुसार, वर्ष 2026 में वैश्विक तेल मांग में प्रतिदिन 26 लाख बैरल की गिरावट आने का अनुमान है। इस गिरावट में डीजल की हिस्सेदारी लगभग 25 प्रतिशत रहने की संभावना है। IEA ने अपनी नवीनतम रिपोर्ट में कहा है कि, ईरान युद्ध के कारण ईंधन की कमी, आसमान छूती कीमतों और बिगड़ती आर्थिक परिस्थितियों का असर वैश्विक तेल मांग पर पड़ रहा है। एजेंसी के मुताबिक, वर्ष 2027 में वैश्विक तेल मांग में प्रतिदिन 20 लाख बैरल की आंशिक रिकवरी होने का अनुमान है। इसके बावजूद, तेल की मांग वर्ष 2025 के स्तर से प्रतिदिन 6.20 लाख बैरल यानी 0.6 प्रतिशत कम रहने की संभावना है।

IEA ने अपनी रिपोर्ट में कहा, 2026 की चौथी तिमाही में वैश्विक तेल मांग में सालाना आधार पर प्रतिदिन 25 लाख बैरल और पूरे वर्ष के दौरान औसतन 26 लाख बैरल की गिरावट का अनुमान है। ईरान युद्ध के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की सीमित उपलब्धता, ईंधन की बढ़ती कीमतों और कमजोर आर्थिक परिदृश्य का असर मांग पर पड़ रहा है। इस गिरावट में डीजल की हिस्सेदारी 25 प्रतिशत रहने की उम्मीद है।”

ChiniMandi WhatsApp Channel

सितंबर में वैश्विक तेल आपूर्ति बढ़ी

IEA की अक्टूबर रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर में वैश्विक तेल आपूर्ति में पिछले महीने की तुलना में प्रतिदिन 25 लाख बैरल की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 10.23 करोड़ बैरल प्रतिदिन पहुंच गई। इस बढ़ोतरी में खाड़ी देशों का प्रमुख योगदान रहा।ओपेक+ देशों के तेल उत्पादन में प्रतिदिन 21 लाख बैरल की वृद्धि हुई, जिसमें सऊदी अरब की अहम भूमिका रही। वहीं, ओपेक+ समूह से बाहर उत्पादन में हुई बढ़ोतरी में संयुक्त अरब अमीरात का सबसे बड़ा योगदान बताया गया।

हालांकि, एजेंसी ने अनुमान जताया है कि वर्ष 2026 में वैश्विक तेल आपूर्ति औसतन प्रतिदिन 58 लाख बैरल घटकर 10.07 करोड़ बैरल रह सकती है। इसके बाद 2027 में इसमें प्रतिदिन 77 लाख बैरल की वृद्धि होने का अनुमान है। लेकिन खाड़ी क्षेत्र में दोबारा हो रहे हमलों के कारण आपूर्ति में सुधार की संभावनाएं अब भी अनिश्चित बनी हुई हैं।

यूरोप और एशिया की रिफाइनरियों पर बढ़ा दबाव

तेल की ढुलाई और कच्चे तेल की लागत में भारी वृद्धि से यूरोप और एशिया की रिफाइनरियों के मुनाफे पर दबाव पड़ा है। इसके विपरीत, रियायती दरों पर कच्चा तेल मिलने से अमेरिकी रिफाइनरियों का मुनाफा रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया है।IEA के अनुसार, अक्टूबर में वैश्विक रिफाइनरियों का प्रसंस्करण घटकर मौसमी निचले स्तर, लगभग 8.13 करोड़ बैरल प्रतिदिन तक पहुंच सकता है। इसके बाद वर्ष के अंत तक इसके बढ़कर 8.46 करोड़ बैरल प्रतिदिन होने का अनुमान है।रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि, वर्ष 2026 में वैश्विक रिफाइनरी प्रसंस्करण में प्रतिदिन 23 लाख बैरल की गिरावट आकर यह 8.17 करोड़ बैरल प्रतिदिन रह सकता है। वर्ष 2027 में इसमें प्रतिदिन 28 लाख बैरल की वृद्धि का अनुमान है।

डीजल बाजार पर आपूर्ति संकट का असर

लंबे समय से जारी आपूर्ति बाधाओं के कारण वैश्विक डीजल बाजार पर दबाव बना हुआ है। शरद ऋतु में रिफाइनरियों के रखरखाव और सर्दियों में ईंधन की चरम मांग से पहले कई देशों को अपने भंडार का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। सितंबर में वैश्विक डीजल निर्यात में सालाना आधार पर प्रतिदिन 7 लाख बैरल की गिरावट दर्ज की गई। रूस और मध्य पूर्व से आपूर्ति में संयुक्त रूप से प्रतिदिन 13 लाख बैरल की कमी आई। अन्य क्षेत्रों से निर्यात बढ़ने के बावजूद इस कमी की भरपाई पूरी तरह नहीं हो सकी।

वैश्विक तेल भंडार में भी गिरावट

IEA के अनुसार, सितंबर में वैश्विक स्तर पर दर्ज तेल भंडार में लगभग 1 करोड़ बैरल की कमी आई। जमीन पर मौजूद भंडार में 11.3 करोड़ बैरल की अतिरिक्त गिरावट को समुद्र में परिवहन के दौरान मौजूद तेल की मात्रा में हुई वृद्धि ने काफी हद तक संतुलित किया। गैर-ओईसीडी देशों के कच्चे तेल के भंडार में 7.6 करोड़ बैरल की भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसमें अकेले चीन की हिस्सेदारी 78 प्रतिशत रही। वहीं, ओईसीडी देशों के भंडार में 3.7 करोड़ बैरल की कमी आई। रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी के अंत की तुलना में वैश्विक तेल भंडार में कुल 50.9 करोड़ बैरल की कमी आ चुकी है। यह स्थिति वैश्विक तेल बाजार में आपूर्ति, कीमतों और ईंधन की उपलब्धता को लेकर बनी अनिश्चितता को दर्शाती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here