नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने खरीफ विपणन सत्र 2026-27 के लिए मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाकर 2410 रुपये प्रति क्विंटल करने को मंजूरी दे दी है। पिछले सीजन में मक्का का एमएसपी 2400 रुपये प्रति क्विंटल था, यानी इस बार इसमें 10 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। सरकार के अनुसार, मक्का की उत्पादन लागत 1544 रुपये प्रति क्विंटल आंकी गई है। नए एमएसपी के आधार पर किसानों को उत्पादन लागत पर लगभग 56 प्रतिशत का लाभ मिलने की संभावना है। खरीफ फसलों में किसानों को बेहतर लाभ देने वाली फसलों में मक्का प्रमुख फसलों में शामिल हो गया है। केवल मूंग में 61 प्रतिशत और बाजरा में मक्का के बराबर 56 प्रतिशत लाभ मिलने का अनुमान है।
सरकार ने बताया कि वर्ष 2013-14 से अब तक मक्का के एमएसपी में 1100 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई है, जो लगभग 84 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। इसे किसानों को लाभकारी मूल्य उपलब्ध कराने की सरकार की नीति का हिस्सा बताया गया है। यह बढ़ोतरी केंद्रीय बजट 2018-19 में की गई उस घोषणा के अनुरूप है, जिसमें फसलों का एमएसपी उत्पादन लागत के कम से कम डेढ़ गुना निर्धारित करने की बात कही गई थी। सरकार ने खरीफ विपणन सत्र 2026-27 के लिए कुल 14 खरीफ फसलों के संशोधित एमएसपी को मंजूरी दी है। इनमें सबसे अधिक वृद्धि सूरजमुखी बीज के एमएसपी में 622 रुपये प्रति क्विंटल की हुई है, जबकि कपास के एमएसपी में 557 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है।

















