सरकार ने थोक उपभोक्ताओं के लिए चीनी भंडारण सीमा 15 दिन से बढ़ाकर 30 दिन की : PIB

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने थोक उपभोक्ताओं के लिए चीनी भंडारण की मौजूदा 15 दिनों की सीमा को बढ़ाकर 30 दिन कर दिया है। हालांकि, 15 दिनों की निर्धारित सीमा से अधिक रखे जाने वाले स्टॉक की मात्रा केवल एडवांस ऑथराइजेशन स्कीम (AAS) और टैरिफ रेट कोटा (TRQ) के तहत आयात की गई चीनी से ही प्राप्त की जा सकेगी। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के माध्यम से यह जानकारी दी।मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि, खुले बाजार से खरीदी गई चीनी के स्टॉक की सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। खुले बाजार से खरीदी गई चीनी का स्टॉक अधिकतम 15 दिनों की खपत तक ही रखा जा सकेगा।

हर शुक्रवार चीनी स्टॉक की देनी होगी जानकारी

ChiniMandi WhatsApp Channel

सरकार ने थोक उपभोक्ताओं द्वारा चीनी स्टॉक की घोषणा और साप्ताहिक जानकारी देने के लिए एक व्यवस्था भी लागू की है। इसके तहत थोक उपभोक्ताओं को प्रत्येक शुक्रवार अपने चीनी स्टॉक का विवरण खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करना होगा।सरकार ने प्रमुख थोक चीनी उपभोक्ताओं के साथ विस्तृत विचार-विमर्श और उनके सुझावों के बाद यह निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य घरेलू चीनी बाजार में स्थिरता और व्यवस्थित आपूर्ति बनाए रखना है।

त्योहारों के मद्देनजर बढ़ाई गई भंडारण सीमा

वर्तमान व्यवस्था के तहत प्रति माह 10 मीट्रिक टन से अधिक चीनी का उत्पादन, उपभोग या कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल करने वाले थोक उपभोक्ता अधिकतम 15 दिनों की खपत के बराबर चीनी का स्टॉक रख सकते थे। थोक उपभोक्ताओं ने आगामी त्योहारों के मौसम को देखते हुए इस सीमा को बढ़ाने की मांग की थी। उन्होंने यह भी सुझाव दिया था कि उन्हें ऐसे आयातकों से सीधे चीनी खरीदने की अनुमति दी जाए, जिनके पास AAS और TRQ के तहत आयातित चीनी उपलब्ध है।

इससे औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए चीनी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और घरेलू बाजार की आपूर्ति पर अतिरिक्त दबाव भी नहीं पड़ेगा। सरकार के अनुसार, इस फैसले का उद्देश्य थोक उपभोक्ताओं की जरूरतों और घरेलू चीनी बाजार की स्थिरता के बीच संतुलन कायम करना है। इससे आगामी त्योहारों के दौरान वास्तविक औद्योगिक उपभोक्ताओं को अधिक परिचालन लचीलापन मिलेगा और अतिरिक्त स्टॉक के लिए घरेलू चीनी भंडार पर दबाव नहीं बढ़ेगा।

खुदरा चीनी कीमतों में करीब 10% की गिरावट

सरकार के अनुसार, खुदरा बाजार में चीनी की कीमतें अगस्त में ₹65 प्रति किलोग्राम के उच्च स्तर से करीब 10% घटकर ₹58.50 प्रति किलोग्राम रह गई हैं। वहीं, एक्स-मिल चीनी कीमतों में करीब 25% की गिरावट आ चुकी है।मंत्रालय ने कहा कि खुदरा कीमतों में अपेक्षाकृत धीमी गिरावट से संकेत मिलता है कि एक्स-मिल कीमतों में कमी का पूरा लाभ अभी तक आपूर्ति श्रृंखला के माध्यम से उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंचा है। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव ने ISMA, नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्टरीज और चीनी व्यापार क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ हुई संयुक्त बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।

व्यापारियों से उपभोक्ताओं तक लाभ पहुंचाने की अपील

सरकार ने चीनी व्यापारियों, थोक विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं से अपील की है कि एक्स-मिल चीनी कीमतों में आई महत्वपूर्ण गिरावट का लाभ तत्काल उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए। सरकार ने जोर दिया कि मिल स्तर पर चीनी कीमतों में हुई कमी के अनुरूप खुदरा कीमतों में भी गिरावट होनी चाहिए। पूरी चीनी आपूर्ति श्रृंखला से सामूहिक रूप से यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है कि आगामी त्योहारों के दौरान चीनी और चीनी आधारित उत्पाद उपभोक्ताओं के लिए किफायती और आसानी से उपलब्ध रहें।

किसान और उपभोक्ता चीनी नीति के दो प्रमुख आधार

खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव ने कहा कि किसान और उपभोक्ता भारत की चीनी नीति के दो केंद्रीय आधार हैं। सरकार लगातार गन्ना किसानों के हितों और उपभोक्ताओं के लिए स्थिर एवं उचित चीनी कीमतों के बीच संतुलन बनाए रखने का प्रयास कर रही है। 1 अक्टूबर 2026 से नए चीनी सीजन की शुरुआत के साथ गन्ना किसानों को बढ़ा हुआ उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) ₹365 प्रति क्विंटल मिलेगा।

सरकार के अनुसार, गन्ना किसानों को लाभकारी रिटर्न सुनिश्चित करने के लिए हर वर्ष FRP में वृद्धि की जा रही है, जबकि चीनी क्षेत्र में संतुलन बनाए रखने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। सरकार ने कहा कि वह घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर लगातार निगरानी रखेगी। जरूरत पड़ने पर उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त चीनी उपलब्ध कराने और खाद्य प्रसंस्करण सहित अन्य उद्योगों की मांग पूरी करने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।

 

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here