यूपी में 1 मई से 30 जून तक होगा गन्ने की फसल का जीपीएस सर्वे, नए किसानों का भी होगा पंजीकरण

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों के खेतों का सटीक रिकॉर्ड तैयार करने के लिए राज्य सरकार ने गन्ना सर्वेक्षण नीति जारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग द्वारा पेराई सत्र 2026-27 के लिए जीपीएस आधारित गन्ना सर्वेक्षण 1 मई 2026 से शुरू होकर 30 जून 2026 तक चलाया जाएगा। आज तक ने यह खबर प्रकाशित की। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग आयुक्त वीना कुमारी मीना ने बताया कि इस सर्वेक्षण के दौरान किसानों के खेतों का सही क्षेत्रफल, गन्ने की किस्म और उत्पादन का सटीक डेटा विभाग के सर्वर पर दर्ज किया जाएगा। सर्वेक्षण दल में एक राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक और एक चीनी मिल का कर्मचारी शामिल होंगे, जिन्हें सर्वे से पूर्व विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। सर्वे के समय संबंधित किसान की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।

विभाग ने सभी पंजीकृत गन्ना किसानों को सर्वेक्षण की तारीख से तीन दिन पहले उनके मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से सूचित करने की योजना बनाई है। सर्वे पूर्ण होने के बाद किसानों को खेत का सही क्षेत्रफल, बोई गई गन्ना किस्म और अन्य संबंधित जानकारी भी एसएमएस द्वारा भेजी जाएगी। किसान अपनी सर्वेक्षित भूमि का सत्यापन http://www.upbhulekh.gov.in/ वेबसाइट पर कर सकते हैं। चीनी मिलें सर्वे के अंतिम आंकड़े विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करेंगी और अपनी वेबसाइट पर भी प्रदर्शित करेंगी। सर्वेक्षण के दौरान नए गन्ना किसानों का पंजीकरण भी किया जाएगा। पंजीकरण शुल्क के रूप में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के किसानों को 10 रुपये, लघु किसानों को 100 रुपये तथा अन्य किसानों को 200 रुपये देने होंगे। यह शुल्क सर्वेक्षण के दौरान अथवा 30 सितंबर 2026 तक जमा किया जा सकता है।विभाग के अनुसार इस जीपीएस सर्वेक्षण से खेतों का सटीक माप, गन्ने की किस्म की पहचान और उत्पादन के विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध होंगे, जिससे चीनी मिलों और सरकार के बीच पारदर्शी व्यवस्था स्थापित होगी और किसानों को उचित मूल्य, सब्सिडी एवं अन्य सुविधाएं दिलाने में सहायता मिलेगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here