अहमदाबाद : इंडियन पोटाश लिमिटेड (IPL) और जैन इरिगेशन सिस्टम्स लिमिटेड (JISL) ने गुजरात में वैज्ञानिक, टिकाऊ और तकनीक आधारित गन्ना खेती को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। शुक्रवार को जारी कंपनी के बयान के अनुसार, इस साझेदारी के तहत गन्ना किसानों के लिए ड्रिप सिंचाई प्रणाली का सर्वेक्षण, डिजाइन, आपूर्ति और स्थापना की जाएगी। साथ ही किसानों की क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण और खेतों पर प्रदर्शन (डेमो) के माध्यम से आधुनिक खेती तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
समझौते के तहत दोनों कंपनियां मिलकर गन्ना उत्पादन में कुशल सिंचाई और फर्टिगेशन (उर्वरक के साथ सिंचाई) तकनीकों को बढ़ावा देंगी। इसके अलावा आधुनिक सिंचाई समाधान, सटीक इनपुट प्रबंधन और उन्नत कृषि पद्धतियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। आईपीएल और जेआईएसएल संयुक्त रूप से किसान जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं और खेतों पर प्रदर्शन आयोजित करेंगे, जिससे किसानों का ज्ञान और विश्वास बढ़ेगा। इससे गन्ने की उत्पादकता में वृद्धि होगी और जल उपयोग दक्षता भी बेहतर होगी। कंपनी के अनुसार, दोनों संस्थाएं पात्र किसानों को माइक्रो इरिगेशन सिस्टम अपनाने के लिए ऋण और अनुदान सहायता उपलब्ध कराने में भी सहयोग करेंगी। इससे फसल उत्पादन बढ़ेगा, गुणवत्ता में सुधार होगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
जैन इरिगेशन ड्रिप एवं अन्य माइक्रो सिंचाई प्रणालियों की अग्रणी तकनीकी प्रदाता कंपनी है, जबकि इंडियन पोटाश उत्तर प्रदेश, गुजरात और ओडिशा में कई चीनी मिलों से जुड़ी हुई है। दोनों कंपनियों का यह सहयोग गन्ना किसानों को आधुनिक तकनीक और व्यावहारिक समाधान उपलब्ध कराने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसका उद्देश्य उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ जल संसाधनों का संरक्षण करते हुए गुजरात में टिकाऊ कृषि विकास को बढ़ावा देना है।जैन इरिगेशन के गुजरात राज्य प्रमुख गिरधर लोह ने कहा, “यह साझेदारी गन्ना खेती में ड्रिप सिंचाई को तेजी से अपनाने में मदद करेगी। इससे जल उपयोग दक्षता बढ़ेगी, फसल उत्पादकता में सुधार होगा, खेती की लागत कम होगी, किसानों की आय बढ़ेगी और भारत के चीनी एवं बायोफ्यूल क्षेत्र के सतत विकास को गति मिलेगी।”


















