यमुनानगर : हरियाणा सरकार की ओर से इस साल गन्ने के दाम में की गई 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी से किसान संतुष्ट नहीं हैं। किसानों का कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। इस मुद्दे को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने 13 नवंबर को सरस्वती शुगर मिल में महापंचायत बुलाने का फैसला किया है। इसमें भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी विशेष रूप से शामिल होंगे।
भाकियू के जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना ने बताया कि, 13 नवंबर को सरस्वती शुगर मिल के गन्ना यार्ड में प्रदेशभर के किसानों की बैठक आयोजित की जाएगी। इसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह चढ़ूनी करेंगे। उन्होंने हरियाणा की सभी चीनी मिलों से जुड़े गन्ना किसानों से इस बैठक में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।
संजू गुंदियाना के मुताबिक, सरकार ने गन्ने के दाम में मात्र 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है, जो किसानों की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है। खेती में खाद, बीज, डीजल, मजदूरी और अन्य संसाधनों की लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों और उचित गन्ना मूल्य की मांग के लिए किसानों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
महापंचायत में आंदोलन की रणनीति पर होगा फैसला
13 नवंबर को होने वाली बैठक में गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की मांग को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। किसानों से चर्चा की जाएगी कि चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू होने से पहले ही आंदोलन शुरू किया जाए या फिर जनवरी में शुगर मिलों को बंद कराने का निर्णय लिया जाए।जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि, आंदोलन को लेकर कोई भी फैसला किसानों की सहमति से ही लिया जाएगा। प्रदेशभर के किसानों की राय और सुझावों के आधार पर महापंचायत में आगे की रणनीति तय की जाएगी।


















