पानीपत : नेशनल हाईवे-709 एडी पर कुराड़ फार्म के पास बुधवार शाम करीब चार बजे धान और गन्ने के फसल अवशेषों के बड़े स्टॉक में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत डायल-112 पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते धान की पराली तथा गन्ने के अवशेषों की हजारों गांठें आग की चपेट में आ गईं।
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस, सनौली खुर्द थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पानीपत शहर से फायर ब्रिगेड की करीब पांच गाड़ियां आग बुझाने के लिए भेजी गईं। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। स्टॉक मैनेजर मूलचंद ठाकुर ने बताया कि करीब दो एकड़ क्षेत्र में धान और गन्ने के अवशेषों की हजारों गांठें स्टोर करके रखी गई थीं। इनमें से अधिकांश गांठों की आपूर्ति फैक्ट्रियों में ईंधन के रूप में की जाती थी, जबकि कुछ गांठें उत्तर प्रदेश में पशुओं के चारे के तौर पर भी बेची जाती थीं।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।


















