भारत ने E100 ईंधन को दी मंजूरी, 100% एथेनॉल से चलने वाले वाहनों का रास्ता हुआ साफ

नई दिल्ली: भारत सरकार ने 100 प्रतिशत एथेनॉल (E100) को वाहन ईंधन के रूप में उपयोग करने के लिए आवश्यक नियामक ढांचे को औपचारिक मंजूरी दे दी है। यह फैसला देश में एथेनॉल आधारित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने और आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को घोषणा की कि, उन्होंने E100 ईंधन को अनुमति देने वाली नियमावली पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इससे वाहन निर्माताओं, ईंधन विक्रेताओं और परीक्षण एजेंसियों को पूरी तरह एथेनॉल से संचालित वाहनों के व्यावसायिक उपयोग की दिशा में आगे बढ़ने का कानूनी आधार मिल गया है।

नागपुर सम्मेलन में की घोषणा…

ChiniMandi WhatsApp Channel

नागपुर में आयोजित शुगर, एथेनॉल एवं बायो-एनर्जी इंडिया कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि यह निर्णय देश में उत्पादित जैव-ईंधनों के व्यापक उपयोग को बढ़ावा देगा और जीवाश्म ईंधनों के आयात पर निर्भरता कम करेगा।उन्होंने कहा, आज रात 8 बजे मैंने इस फाइल पर हस्ताक्षर किए हैं।इससे पहले 12 जून 2026 को मुंबई में आयोजित शुगर-एथेनॉल एंड बायोएनर्जी इंडिया कॉन्फ्रेंस (SEIC 2026) के दौरान भी गडकरी ने संकेत दिया था कि, सरकार E100 ईंधन की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त कर चुकी है।

E20 से आगे बढ़ा भारत…

अब तक भारत की एथेनॉल नीति मुख्य रूप से पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने पर केंद्रित रही है और देश E20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) के व्यापक क्रियान्वयन की ओर बढ़ रहा है। लेकिन नए फैसले के साथ भारत अब एथेनॉल को केवल मिश्रण तक सीमित न रखकर एक स्वतंत्र ईंधन विकल्प के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।इस नई नीति के तहत ऐसे वाहनों के विकास और उपयोग का रास्ता खुल गया है जो पूरी तरह एथेनॉल पर चलेंगे। इससे इलेक्ट्रिक, सीएनजी, हाइब्रिड और हाइड्रोजन वाहनों के साथ एक और वैकल्पिक ईंधन विकल्प उपलब्ध होगा।

फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की शुरुआत…

गडकरी ने बताया कि, फ्लेक्स-फ्यूल वाहन पहले ही बाजार में आने शुरू हो चुके हैं।उन्होंने कहा, मारुति सुजुकी ने वैगनआर फ्लेक्स-फ्यूल वाहन लॉन्च किया है और हीरो ने ऐसे मोटरसाइकिल पेश किए हैं जो 100 प्रतिशत एथेनॉल पर चल सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि, जल्द ही अन्य वाहन निर्माता कंपनियां भी इस क्षेत्र में उतरने वाली हैं।टोयोटा और हुंडई भी 100 प्रतिशत एथेनॉल से चलने वाले वाहन लॉन्च करने की तैयारी कर रही हैं।

ऑटोमोबाइल उद्योग को मिलेगा बढ़ावा…

इस मंजूरी से वाहन निर्माताओं को स्पष्ट नियामक दिशा-निर्देश मिल गए हैं, जिससे फ्लेक्स-फ्यूल इंजन और एथेनॉल अनुकूल वाहन प्रणालियों में निवेश को गति मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों के अनुसार, E100 पर चलने वाले वाहनों के लिए इंजन और ईंधन प्रणाली में विशेष बदलाव आवश्यक होते हैं क्योंकि एथेनॉल का व्यवहार पेट्रोल से अलग होता है और इसके लिए अलग तकनीकी प्रबंधन की जरूरत पड़ती है।नई नीति से फ्लेक्स-फ्यूल प्लेटफॉर्म, स्थानीय स्तर पर ऑटो पार्ट्स निर्माण और एथेनॉल-अनुकूल तकनीकों के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को होगा लाभ…

गडकरी ने जैव-ईंधनों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि, साखर और जैव-ऊर्जा क्षेत्र ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं।उन्होंने कहा कि, एथेनॉल उत्पादन बढ़ने से गन्ना, मक्का और अन्य जैव-ईंधन फसलों की मांग बढ़ेगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सकती है।विशेषज्ञों का मानना है कि,एथेनॉल की बढ़ती खपत कृषि उत्पादों के लिए अतिरिक्त बाजार तैयार करेगी तथा बायो-रिफाइनरी और ग्रामीण औद्योगिक ढांचे में निवेश को बढ़ावा देगी।हालांकि, गडकरी ने उद्योग से जल संरक्षण पर भी ध्यान देने की अपील की और कहा कि एथेनॉल उत्पादन बढ़ने के साथ-साथ अधिक जल-कुशल गन्ना खेती तकनीकों को अपनाना जरूरी होगा।

कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने की दिशा में कदम…

भारत वर्तमान में अपनी कुल तेल आवश्यकता का 85 प्रतिशत से अधिक हिस्सा आयात करता है। ऐसे में सरकार का मानना है कि घरेलू स्तर पर उत्पादित एथेनॉल के उपयोग को बढ़ावा देकर अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के प्रभाव को कम किया जा सकता है।इसके साथ ही कृषि और जैव-ईंधन क्षेत्र को भी नई मजबूती मिलेगी।

अभी बाकी हैं कई चुनौतियां…

हालांकि, नियामक मंजूरी मिलने से एक बड़ी बाधा दूर हो गई है, लेकिन E100 वाहनों के बड़े पैमाने पर उपयोग के लिए अभी पर्याप्त ईंधन उपलब्धता और बुनियादी ढांचे का विकास आवश्यक होगा।तेल विपणन कंपनियों को विशेष E100 ईंधन स्टेशन स्थापित करने होंगे। साथ ही एथेनॉल के भंडारण, परिवहन और वितरण प्रणाली को भी उन्नत बनाना पड़ेगा। इसके अलावा वाहन प्रमाणन, उत्सर्जन मानकों और ईंधन वितरण व्यवस्था को भी नए नियमों के अनुरूप ढालना होगा, तभी एथेनॉल आधारित वाहनों को व्यापक स्तर पर अपनाया जा सकेगा।

एथेनॉल रणनीति में बड़ा बदलाव…

विशेषज्ञों के अनुसार, यह फैसला भारत की एथेनॉल नीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत है। अब तक एथेनॉल को पेट्रोल में मिश्रित ईंधन के रूप में देखा जाता था, लेकिन E100 की मंजूरी के साथ इसे भविष्य की परिवहन व्यवस्था के लिए एक स्वतंत्र और प्रमुख ईंधन विकल्प के रूप में स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here