नई दिल्ली : भारत सरकार ने गेहूं और ड्यूरम गेहूं के निर्यात पर लगी पाबंदियां तत्काल प्रभाव से हटा दी हैं। इसके साथ ही गेहूं के आटे और इससे जुड़े उत्पादों, जिनमें आटा और मैदा शामिल हैं, के निर्यात को भी अब मुक्त कर दिया गया है।वाणिज्य मंत्रालय के तहत विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने सोमवार को इस संबंध में दो अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कीं।
गेहूं का निर्यात अब ‘फ्री’ श्रेणी में
गेहूं से संबंधित अधिसूचना में DGFT ने निर्धारित ITC (HS) कोड के तहत गेहूं की निर्यात नीति को ‘प्रतिबंधित’ से बदलकर ‘मुक्त’ कर दिया है। DGFT की 24 अगस्त की अधिसूचना संख्या 35/2026-27 के अनुसार, यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। इसमें ITC (HS) कोड 10011900 के तहत आने वाला ड्यूरम गेहूं और 10019910 के तहत आने वाला गेहूं शामिल है। पहले इन दोनों श्रेणियों के गेहूं का निर्यात प्रतिबंधित था, लेकिन अब इन्हें मुक्त निर्यात श्रेणी में डाल दिया गया है।
आटा और मैदा के निर्यात पर भी रोक हटी
एक अलग अधिसूचना में सरकार ने ITC (HS) कोड 11010000 के तहत आने वाले गेहूं के आटे और संबंधित उत्पादों के निर्यात पर लगी पाबंदी भी हटा दी है। इस श्रेणी में गेहूं या मेस्लिन का आटा (आटा), मैदा, सूजी/रवा, साबुत गेहूं का आटा और परिणामी आटा शामिल हैं। इन उत्पादों की निर्यात नीति को भी तत्काल प्रभाव से ‘प्रतिबंधित’ से ‘मुक्त’ कर दिया गया है। DGFT ने 24 अगस्त को जारी अधिसूचना संख्या 34/2026-27 में यह बदलाव किया है।
तत्काल प्रभाव से लागू होंगे नए नियम
दोनों अधिसूचनाएं वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग द्वारा जारी की गई हैं और तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।इस फैसले के बाद निर्धारित HS कोड के तहत आने वाले गेहूं, गेहूं के आटे और संबंधित उत्पादों को अब प्रतिबंधित निर्यात श्रेणी में नहीं रखा जाएगा। इससे इन उत्पादों का विदेशी बाजारों में निर्यात करना आसान होगा।


















