तंबाकू निर्माण क्षेत्र में FDI पर लगी रोक हटाए भारत, लाइसेंसिंग प्रतिबंधों की समीक्षा करे; किसानों और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा भी जरूरी : इंडिया फाउंडेशन की रिपोर्ट

नई दिल्ली : भारत को तंबाकू निर्माण क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) पर वर्ष 2010 से लागू प्रतिबंध हटाना चाहिए और वर्ष 1999 से जारी औद्योगिक लाइसेंसिंग संबंधी पाबंदियों की समीक्षा करनी चाहिए। इंडिया फाउंडेशन की एक रिपोर्ट में यह सिफारिश की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा नियामक व्यवस्था ने बाजार में प्रतिस्पर्धा को सीमित किया है, लेकिन तंबाकू की खपत कम करने में इसकी प्रभावशीलता साबित नहीं हुई है। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) की सदस्य डॉ. शमिका रवि ने इंडिया फाउंडेशन के विजिटिंग फेलो डॉ. राघव पांडे की रिपोर्ट ‘द एनाटॉमी ऑफ ए प्रोहिबिशन: इन्वेस्टमेंट लॉ एंड द रिफॉर्म ऑफ इंडियाज टोबैको सेक्टर’ जारी की। अक्टूबर 2026 में जारी इस रिपोर्ट में मौजूदा FDI प्रतिबंध को सशर्त निवेश व्यवस्था से बदलने की सिफारिश की गई है। इस व्यवस्था में तंबाकू उत्पादकों, विनिर्माण क्षमता और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विशेष प्रावधान शामिल करने का सुझाव दिया गया है।

तंबाकू निर्माण में FDI प्रतिबंध हटाने की सिफारिश

ChiniMandi WhatsApp Channel

रिपोर्ट में सरकार से तंबाकू या तंबाकू के विकल्पों से सिगार, चेरूट, सिगारिलो और सिगरेट के निर्माण में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश पर प्रतिबंध लगाने वाली नीति संबंधी प्रविष्टि हटाने की मांग की गई है। अध्ययन के अनुसार, समेकित FDI नीति के पैराग्राफ 5.1(g) के तहत लागू प्रतिबंध को हटाने के साथ-साथ सिगरेट निर्माण के लिए नए औद्योगिक लाइसेंस जारी नहीं करने की सरकार की पुरानी व्यवस्था की भी समीक्षा की जानी चाहिए। रिपोर्ट में कहा गया है कि, तंबाकू निर्माण में FDI पर प्रतिबंध हटाने के साथ वर्ष 1999 से चली आ रही लाइसेंसिंग व्यवस्था की तर्कसंगत समीक्षा भी जरूरी है। डॉ. राघव पांडे ने कहा कि भारतीय कृषि अर्थव्यवस्था में तंबाकू आज भी एक महत्वपूर्ण नकदी फसल है। इसके बावजूद खेत से लेकर कारखाने तक इस क्षेत्र को नियंत्रित करने वाले नियमों के प्रभाव और उनकी लागत का अब तक सार्वजनिक रूप से मूल्यांकन नहीं किया गया है।

2010 में लागू हुआ था FDI प्रतिबंध

रिपोर्ट के अनुसार, तंबाकू निर्माण क्षेत्र में FDI पर प्रतिबंध 10 मई 2010 को जारी प्रेस नोट संख्या 2 (2010 सीरीज) के माध्यम से लागू किया गया था। यह निर्णय अप्रैल 2010 में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक के बाद लिया गया था। हालांकि, उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) ने जनस्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के आधार पर वर्ष 1999 में ही सिगरेट निर्माण के लिए नए औद्योगिक लाइसेंस जारी करना बंद कर दिया था। रिपोर्ट का तर्क है कि, यदि लाइसेंसिंग प्रतिबंधों की समीक्षा किए बिना केवल FDI पर लगी रोक हटाई जाती है, तो मौजूदा विनिर्माण इकाइयों में निवेश का रास्ता खुल सकता है। लेकिन इससे नए निर्माता बाजार में आएंगे या तंबाकू किसानों के लिए अतिरिक्त खरीदार उपलब्ध होंगे, यह जरूरी नहीं है। अध्ययन में कहा गया है, “निवेश करने की नई अनुमति मिलने का अर्थ यह नहीं है कि कोई नया व्यक्ति विनिर्माण इकाई भी स्थापित कर सकता है।”

विदेशी निवेश पर रोक के बावजूद तकनीकी सहयोग की अनुमति

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि, सिगरेट निर्माण में विदेशी निवेश प्रतिबंधित होने के बावजूद तकनीकी सहयोग, लाइसेंसिंग, फ्रेंचाइजी, ट्रेडमार्क और प्रबंधन संबंधी समझौतों की अनुमति जारी है। रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटिश अमेरिकन टोबैको समूह से जुड़ी कंपनियों के पास 30 जून 2026 तक ITC की 22.91 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। वहीं, फिलिप मॉरिस ग्लोबल ब्रांड्स के पास गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया की 25.10 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि, इस तरह यह प्रतिबंध विदेशी पूंजी को पूरी तरह बाहर नहीं करता, बल्कि वर्ष 2010 में बाजार की जो स्थिति थी, उसे बनाए रखता है। इससे पहले से मौजूद कंपनियों की स्थिति सुरक्षित रहती है, जबकि नए निवेशकों के प्रवेश पर रोक बनी रहती है। दूसरी ओर, गैर-इक्विटी माध्यमों से सहयोग के रास्ते खुले रहते हैं।

दो कंपनियों के प्रभुत्व से किसानों को प्रतिस्पर्धी कीमतों का लाभ नहीं

बाजार में कंपनियों के बढ़ते प्रभुत्व पर चिंता जताते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि, दो प्रतिबंधों ने बाजार को सीमित करने के बजाय उसकी मौजूदा संरचना को स्थिर कर दिया है। इनमें वर्ष 2010 में सिगरेट निर्माण क्षेत्र में FDI पर लगाया गया प्रतिबंध और वर्ष 1999 से नए औद्योगिक लाइसेंस जारी करने पर लगी रोक शामिल है, जिसे औपचारिक रूप से अधिसूचित भी नहीं किया गया था।

रिपोर्ट के अनुसार, इसका परिणाम बाजार में दो प्रमुख कंपनियों के प्रभुत्व के रूप में सामने आया है। ये दोनों कंपनियां नीलामी में बिकने वाले फ्ल्यू-क्योर वर्जीनिया (FCV) तंबाकू की कुल मात्रा का 40 से 68 प्रतिशत तक खरीदती हैं। FCV तंबाकू सिगरेट निर्माण में इस्तेमाल होने वाली प्रमुख किस्म है। रिपोर्ट का कहना है कि किसानों को प्रतिस्पर्धी बोली का लाभ नहीं मिल पाता। इसके अलावा, उन्हें अपनी उपज के प्रसंस्करण और विनिर्माण में प्रवेश करने के अवसरों से भी वंचित रखा गया है, जबकि अन्य फसलों के उत्पादकों के लिए ऐसे विकल्प उपलब्ध हैं।

ग्रामीण और शहरी परिवारों में तंबाकू पर खर्च बढ़ा

तंबाकू की खपत के रुझानों पर रिपोर्ट में प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के फरवरी 2026 के एक वर्किंग पेपर का हवाला दिया गया है। इसके अनुसार, तंबाकू पर खर्च करने वाले शहरी परिवारों का अनुपात वर्ष 2011-12 में 34.94 प्रतिशत था, जो 2023-24 में बढ़कर 45.64 प्रतिशत हो गया। इसी अवधि में तंबाकू पर खर्च करने वाले ग्रामीण परिवारों का अनुपात 59.31 प्रतिशत से बढ़कर 68.49 प्रतिशत पहुंच गया।

ई-सिगरेट कानून में बदलाव और तंबाकू ट्रांजिशन फंड का प्रस्ताव

रिपोर्ट में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 को बदलकर लाइसेंसिंग और उत्पाद मानकों पर आधारित व्यवस्था लागू करने की भी सिफारिश की गई है। इसके तहत नए प्रकार के निकोटीन उत्पादों की पहुंच केवल सत्यापित 21 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वयस्कों तक सीमित रखने का सुझाव दिया गया है। साथ ही, तंबाकू छोड़ने में सहायता और कैंसर के उपचार के लिए ‘टोबैको ट्रांजिशन फंड’ स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है। रिपोर्ट में निकोटीन और टार की मात्रा का अनिवार्य खुलासा करने, विज्ञापनों पर अधिक सख्त प्रतिबंध लगाने तथा विनिर्माण क्षमता में बदलाव की अनुमति देने से पहले जनस्वास्थ्य और बाजार प्रतिस्पर्धा पर उसके प्रभाव का आकलन करने की सिफारिश भी की गई है।

निवेश सुधारों के साथ जनस्वास्थ्य सुरक्षा पर जोर

रिपोर्ट में तंबाकू क्षेत्र से जुड़े प्रतिबंधों की समय-समय पर समीक्षा करने के लिए एक स्थायी आर्थिक मूल्यांकन व्यवस्था स्थापित करने का सुझाव दिया गया है। इसके अनुसार, निवेश संबंधी सुधारों के साथ जनस्वास्थ्य सुरक्षा के उपायों को भी मजबूत करना जरूरी है, ताकि तंबाकू क्षेत्र में होने वाले बदलावों का किसानों, उद्योग और समाज पर संतुलित प्रभाव पड़े।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here