नई दिल्ली: देश में चीनी की आपूर्ति बढ़ाने और आगामी त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली मांग को पूरा करने के लिए भारतीय चीनी रिफाइनर निर्यात के लिए निर्धारित करीब 3.5 लाख टन चीनी को घरेलू बाजार में डायवर्ट करने जा रहे हैं। द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने इस कदम को मंजूरी दे दी है।
मामले से परिचित लोगों के अनुसार, रिफाइनर यह चीनी एक सप्ताह के भीतर घरेलू खरीदारों के लिए उपलब्ध करा सकते हैं। पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर सूत्रों ने बताया कि, 3.5 लाख टन चीनी भारत की कुल करीब पांच दिनों की घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त होगी। इससे पिछले सप्ताह रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची चीनी की कीमतों को कम करने में मदद मिल सकती है।
फसल कमजोर रहने से आपूर्ति पर दबाव
भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चीनी उत्पादक देश है। इस वर्ष प्रमुख चीनी उत्पादक क्षेत्रों में असमान बारिश और फसल में बीमारियों के कारण उत्पादन उम्मीद से कम रहने की आशंका है। इससे घरेलू बाजार में चीनी की आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया है। स्थिति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि देश में अगस्त के अंत से जनवरी तक चलने वाले त्योहारी सीजन के दौरान चीनी की खपत आमतौर पर काफी बढ़ जाती है।
सरकार ने उठाए कई कदम
सरकार द्वारा मंजूर उपायों के तहत रिफाइनर और प्रोसेसर को निर्यात के लिए निर्धारित कुछ रिफाइंड चीनी को घरेलू बाजार में बेचने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा, घरेलू उपलब्धता मजबूत करने के लिए सरकार ने 10 लाख टन चीनी के शुल्क-मुक्त आयात को भी मंजूरी दी है। निर्यात के लिए निर्धारित स्टॉक को घरेलू बाजार में डायवर्ट करने से आयातित चीनी पर तत्काल निर्भरता कम होगी। हालांकि, बाद में आयात की जरूरत पड़ सकती है। घरेलू बाजार में अतिरिक्त चीनी उपलब्ध होने से ब्राजील से चीनी की खेप पहुंचने तक कीमतों को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।
67 रुपये से घटकर 54-55 रुपये किलो हुए भाव
नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक प्रकाश नाइकनवरे के अनुसार, पिछले सप्ताह भारत में औसत एक्स-मिल चीनी कीमत बढ़कर 67 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई थी। हालांकि, सरकार द्वारा 20 अगस्त को शुल्क-मुक्त चीनी आयात की अनुमति देने की घोषणा के बाद कीमतों में नरमी आई है और अब एक्स-मिल भाव करीब 54-55 रुपये प्रति किलोग्राम रह गए हैं। नाइकनवरे ने कहा कि, सरकार के समय पर और प्रभावी हस्तक्षेप के कारण चीनी की कीमतों में आगे भी नरमी आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सरकार के इन उपायों से त्योहारी सीजन के दौरान उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
त्योहारी सीजन में बढ़ती है चीनी की मांग
भारत में त्योहारी सीजन चीनी की मांग के लिए बेहद महत्वपूर्ण अवधि होती है। इस दौरान पारंपरिक मिठाइयों और प्रोसेस्ड खाद्य उत्पादों की खपत बढ़ने से चीनी की मांग में मौसमी तेजी आती है। भारत द्वारा चीनी आयात की अनुमति दिए जाने के फैसले से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चीनी की कीमतों पर कुछ समय के लिए दबाव बढ़ा था। हालांकि, हाल के कारोबारी सत्रों में यह दबाव कम हुआ है। बाजार में उम्मीद है कि भारत सरकार द्वारा मंजूर 10 लाख टन के पूरे आयात कोटे का इस्तेमाल शायद नहीं किया जाए।
अक्टूबर तक 3-6 लाख टन चीनी आयात का अनुमान
ब्लूमबर्ग द्वारा पांच कारोबारियों, विश्लेषकों और चीनी मिल संचालकों से जुटाए गए अनुमानों के अनुसार, अक्टूबर के अंत तक भारत में 3 लाख से 6 लाख टन शुल्क-मुक्त चीनी का आयात हो सकता है। यह अनुमान सरकार द्वारा मंजूर 10 लाख टन के आयात कोटे से कम है। घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों में आई नरमी के कारण मिलों और रिफाइनरों के लिए बड़े पैमाने पर आयात करने का प्रोत्साहन कम हुआ है।
एडवांस ऑथराइजेशन के तहत कच्ची चीनी का आयात
भारतीय चीनी रिफाइनर एडवांस ऑथराइजेशन के तहत कच्ची चीनी का शुल्क-मुक्त आयात कर सकते हैं। इसके लिए शर्त यह है कि प्रसंस्करण के बाद तैयार चीनी को टोलिंग व्यवस्था के तहत दोबारा निर्यात किया जाए। कुल मिलाकर, निर्यात के लिए निर्धारित 3.5 लाख टन चीनी को घरेलू बाजार में लाने और शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति देने जैसे कदमों से त्योहारी सीजन से पहले बाजार में आपूर्ति बढ़ने तथा कीमतों पर दबाव कम होने की उम्मीद है।


















