नई दिल्ली: भारत में पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिश्रण (E20) लागू करने का निर्णय किसी वैश्विक या भू-राजनीतिक तनाव, जैसे मध्य पूर्व के संघर्ष, के कारण नहीं बल्कि दीर्घकालिक ऊर्जा आत्मनिर्भरता के लक्ष्य से प्रेरित है। ग्रेन्स एथेनॉल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (GEMA) के अध्यक्ष सी के जैन ने यह बात कही।जैन ने कहा, E20 का युद्ध से कोई संबंध नहीं है। इसका एक ही उद्देश्य है—ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता। जब हमारे पास अपना उत्पादन है तो हम दूसरों पर निर्भर क्यों रहें?” भारत ने 1 अप्रैल से E20 का पूर्ण रूप से कार्यान्वयन शुरू कर दिया है। जैन के अनुसार, यह अंतिम लक्ष्य नहीं बल्कि एक महत्वपूर्ण चरण (चेकपॉइंट) है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि निवेशक तैयार हैं और कच्चे माल (फीडस्टॉक) की उपलब्धता भी पर्याप्त है।
उन्होंने कहा कि, वर्तमान परिस्थितियों में अधिशेष अनाज जैसे फीडस्टॉक उपलब्ध हैं और उत्पादन क्षमता भी तैयार हो चुकी है। ऐसे में एथेनॉल मिश्रण को 20% से आगे बढ़ाकर 25-27% तक ले जाने की पूरी संभावना है। भारत की एथेनॉल उत्पादन क्षमता लगभग 2,000 करोड़ लीटर तक पहुंच चुकी है और पाइपलाइन में चल रही परियोजनाओं से इसमें करीब 10% और वृद्धि होने की उम्मीद है। वहीं, 20% मिश्रण के लिए वर्तमान आवश्यकता लगभग 1,300-1,400 करोड़ लीटर है, जिसमें से 1,200-1,250 करोड़ लीटर की मांग तेल विपणन कंपनियों (OMCs) से आती है।
जैन ने बताया कि, पिछले तीन वर्षों में स्थापित एथेनॉल प्लांट अभी केवल 40-50% क्षमता पर ही काम कर रहे हैं, जिससे वित्तीय दबाव बढ़ रहा है और लगभग 50,000 करोड़ रुपये के एनपीए (NPA) का खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि, एथेनॉल मिश्रण से देश को बड़ा आर्थिक लाभ हुआ है। वर्ष 2024-25 में भारत ने कच्चे तेल के आयात में करीब 40,000 करोड़ रुपये की बचत की, जिसका सीधा फायदा किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिला है।लगभग 75% राशि ग्रामीण क्षेत्रों में वापस जाती है।
फीडस्टॉक की उपलब्धता पर जैन ने बताया कि, घरेलू जरूरतों को पूरा करने के बाद भी देश में अधिशेष अनाज मौजूद है। भारतीय खाद्य निगम (FCI) के पास 200 लाख टन से अधिक चावल का भंडार है, जिससे लगभग 500 करोड़ लीटर एथेनॉल बनाया जा सकता है। इसके अलावा मक्का और अन्य अनाज भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। वर्तमान में एथेनॉल आपूर्ति में लगभग 70% योगदान अनाज आधारित एथेनॉल का है, जबकि 30% हिस्सा गन्ना आधारित एथेनॉल का है।
वाहनों पर इसके प्रभाव को लेकर जैन ने कहा कि, माइलेज में थोड़ी कमी जरूर आती है, लेकिन यह बहुत मामूली है और अब तक कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है। उन्होंने यह भी कहा कि, एथेनॉल की मांग तभी बढ़ेगी जब मिश्रण अनुपात बढ़ाया जाएगा, क्योंकि पेट्रोल की खपत हर साल लगभग 5-6% की दर से बढ़ रही है। भविष्य की संभावनाओं पर जैन ने सुझाव दिया कि, एथेनॉल का उपयोग केवल ईंधन तक सीमित न रखकर एथेनॉल आधारित कुक स्टोव जैसे विकल्पों पर भी विचार किया जाना चाहिए, खासकर व्यावसायिक क्षेत्रों में, जहां यह एलपीजी का विकल्प बन सकता है।
उन्होंने वैश्विक आपूर्ति में संभावित बाधाओं का भी जिक्र किया और कहा कि एलएनजी की उपलब्धता में 10-15% तक कमी आ सकती है, जिसका असर उर्वरक उत्पादन पर पड़ सकता है। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि, देश के किसान इस स्थिति से निपटने में सक्षम हैं और घबराने की जरूरत नहीं है।(एएनआय)


















