नई दिल्ली : भारत में एथेनॉल उत्पादन क्षमता के तेजी से विस्तार के कारण मांग और आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर पैदा हो गया है।करीब 7 अरब लीटर उत्पादन क्षमता के लिए फिलहाल स्पष्ट बाजार उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इथेनॉल उत्पादक नए खरीदारों और इसके वैकल्पिक उपयोग की संभावनाएं तलाश रहे हैं। ‘द इकोनॉमिक टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, देश में एथेनॉल की स्थापित उत्पादन क्षमता करीब 20 अरब लीटर हो गई है और इस वर्ष इसमें लगभग 4 अरब लीटर की अतिरिक्त क्षमता जुड़ने की उम्मीद है।
वर्तमान E20 ब्लेंडिंग कार्यक्रम के लिए सालाना करीब 11 अरब लीटर एथेनॉल की जरूरत है। वहीं शराब, फार्मास्यूटिकल्स और रसायन जैसे गैर-ईंधन उद्योगों में करीब 3 से 3.5 अरब लीटर एथेनॉल की खपत होती है। इसके चलते एथेनॉल उत्पादक अपनी कुल क्षमता का केवल करीब 60 प्रतिशत ही इस्तेमाल कर पा रहे हैं। उद्योग अधिकारियों का अनुमान है कि, अगले तीन वर्षों में क्षमता उपयोग 65 से 75 प्रतिशत के बीच रह सकता है। अकेले महाराष्ट्र में करीब 2.77 अरब लीटर एथेनॉल का अधिशेष रहने का अनुमान है।
E20 के आगे ब्लेंडिंग पर फिलहाल रोक
2025-26 के एथेनॉल आपूर्ति वर्ष (नवंबर से अक्टूबर) में अगस्त तक तेल विपणन कंपनियों को 8.95 अरब लीटर एथेनॉल की आपूर्ति की जा चुकी थी, जबकि करीब 10 अरब लीटर की मात्रा के लिए अनुबंध किए गए थे। अधिशेष क्षमता बढ़ने के साथ उद्योग अतिरिक्त मांग की तलाश में जुट गया है। उपभोक्ताओं की ओर से E20 को लेकर उठाई गई चिंताओं के बाद सरकार ने E25 या E30 जैसे उच्च ब्लेंडिंग स्तर को तत्काल अनिवार्य करने की दिशा में आगे बढ़ने का फैसला फिलहाल रोक रखा है। मौजूदा रोडमैप के तहत 31 अक्टूबर 2026 तक एथेनॉल ब्लेंडिंग की सीमा E20 पर बनी हुई है। केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में भी कहा है कि, इस कार्यक्रम के दीर्घकालिक प्रभाव की तस्वीर 2027 तक अधिक स्पष्ट हो सकेगी।
अलग-अलग ब्लेंड के लिए अलग कीमत का सुझाव
Wilo India के मुख्य बिक्री अधिकारी रविंद्र उटगीकर ने सुझाव दिया कि सभी वाहनों के लिए एक समान ब्लेंड अनिवार्य करने के बजाय अलग-अलग एथेनॉल मिश्रण के लिए अलग कीमत तय करने पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि, E10, E20 और E85 जैसे अलग-अलग ब्लेंड के लिए अलग मूल्य व्यवस्था अपनाई जा सकती है। उनके अनुसार, अमेरिका और ब्राजील में इस तरह की व्यवस्था का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे वाहन मालिक वाहन की उम्र, तकनीक और ईंधन अनुकूलता के आधार पर ईंधन का विकल्प चुन सकेंगे और एथेनॉल के व्यापक इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिल सकता है।
निर्यात से सीमित राहत की उम्मीद
घरेलू मांग बढ़ती उत्पादन क्षमता को पूरी तरह खपाने में सक्षम नहीं है। ऐसे में निर्यात से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन इसकी भी सीमाएं हैं। पहली पीढ़ी यानी 1G एथेनॉल के निर्यात पर अभी प्रतिबंध हैं, जबकि सितंबर 2025 से भारत ने दूसरी पीढ़ी यानी 2G इथेनॉल के निर्यात की अनुमति दी है। गैर-ईंधन उपयोग वाले एथेनॉल की छोटी मात्रा तंजानिया, अंगोला और केन्या जैसे बाजारों में भेजी जा रही है। वहीं, ग्रेन इथेनॉल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (GEMA) नेपाल को संभावित आपूर्ति को लेकर चर्चा कर रहा है। नेपाल 10 प्रतिशत एथेनॉल ब्लेंडिंग अनिवार्य करने की योजना बना रहा है, लेकिन वहां पर्याप्त फीडस्टॉक और डिस्टिलेशन क्षमता उपलब्ध नहीं है।
डीजल में एथेनॉल आधारित उत्पादों के इस्तेमाल पर विचार
उद्योग पेट्रोल में ब्लेंडिंग के अलावा एथेनॉल के नए उपयोगों की संभावनाएं भी तलाश रहा है। सरकार और एथेनॉल उत्पादक डीजल में एथेनॉल से तैयार उत्पादों की ब्लेंडिंग की संभावना पर विचार कर रहे हैं। प्राज इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक आशीष गायकवाड़ ने बताया कि, कंपनी की बायो-आइसोब्यूटेनॉल (Bio-IBA) तकनीक व्यावसायिक स्तर पर इस्तेमाल और बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए तैयार है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की मौजूदा तिमाही में पहला ऑर्डर मिलने की उम्मीद है।गायकवाड़ के अनुसार, भारत में पेट्रोल की तुलना में डीजल की मांग काफी अधिक है। ऐसे में डीजल में बायो-IBA की ब्लेंडिंग देश के जैव ईंधन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण अवसर बन सकती है। उन्होंने कहा कि, डीजल में केवल 2 प्रतिशत बायो-IBA ब्लेंडिंग अनिवार्य किए जाने पर 3,000 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट अवसर पैदा हो सकते हैं।
गैर-ईंधन क्षेत्र में भी इथेनॉल की बड़ी मांग
गैर-ईंधन उपयोग के लिए एथेनॉल की मांग भी महत्वपूर्ण बनी हुई है। शराब, फार्मास्यूटिकल और प्रयोगशाला क्षेत्रों में इस्तेमाल होने वाला अनडिनैचर्ड एथेनॉल कुल मांग का करीब 18.7 प्रतिशत है। इससे जुड़ा एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल (ENA) बाजार 2025 में करीब 3.80 अरब लीटर तक पहुंच गया था। यह बाजार सालाना करीब 5 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है। देशी शराब की तुलना में इंडियन मेड फॉरेन लिकर (IMFL) की ओर उपभोक्ताओं के बढ़ते रुझान को इसके प्रमुख कारणों में माना जा रहा है।


















