जकार्ता : इंडोनेशिया के सेंट्रल जावा प्रांत के ब्लोरा क्षेत्र में हजारों गन्ना किसान अपनी फसल के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता में हैं। वर्ष 2026 के पेराई सीजन में भी पीटी गेंधिस मल्टी मैनिस (जीएमएम) चीनी मिल के बंद रहने की आशंका के कारण किसानों की फसल के बिना पेराई रह जाने का खतरा मंडरा रहा है। किसानों ने दावा किया कि, वर्ष 2025 के पेराई सीजन में फसल की खरीद और पेराई न होने से उन्हें लगभग 500 अरब रुपिया का नुकसान उठाना पड़ा। ब्लोरा में करीब 8,000 गन्ना किसान हैं और यह क्षेत्र की एकमात्र चीनी मिल पीटी जीएमएम पर निर्भर हैं। यह मिल तकनीकी खराबियों के कारण संचालन नहीं कर पा रही है। मिल के दो भाप बॉयलरों में खराबी आने से उत्पादन पूरी तरह प्रभावित हुआ है।
इंडोनेशियाई गन्ना किसान संघ (एपीटीआरआई) ब्लोरा के अध्यक्ष सुनोतो ने बताया कि, जिले में लगभग 8,000 हेक्टेयर में गन्ने की खेती होती है, जिसमें से 5,000 हेक्टेयर की फसल कटाई के लिए तैयार है। प्रति हेक्टेयर लगभग 70 टन उत्पादन के हिसाब से कुल उत्पादन करीब 3.5 लाख टन होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि, फसल की खरीद न होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।किसानों ने जिला प्रशासन, सरकारी एजेंसियों और राष्ट्रपति कार्यालय तक अपनी समस्या पहुंचाई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। एपीटीआरआई ने संसद से भी मुलाकात का समय मांगा है, लेकिन जवाब नहीं मिला।
स्थिति से निपटने के लिए किसान संगठन अन्य जिलों और प्रांतों की चीनी मिलों से संपर्क कर रहा है। अब तक कुछ फसल ट्रांगकिल, पाकिस, रेंडेंग, सेधोनो और केबुन तेबू मास जैसी मिलों तक पहुंचाई गई है। हालांकि, किसानों का कहना है कि बाहर की मिलों तक गन्ना पहुंचाने में परिवहन लागत अधिक आने से उनका मुनाफा काफी घट जाता है।सुनोतो ने बताया कि, यदि स्थानीय जीएमएम मिल चालू रहती तो किसानों को प्रति हेक्टेयर लगभग 45 लाख रुपिया का शुद्ध लाभ मिलता, लेकिन दूसरी मिलों में गन्ना भेजने पर यह घटकर करीब 21 लाख रुपिया रह जाता है।
उधर, पीटी जीएमएम के संचालन निदेशक क्रिस्ना मुर्तियांतो ने बताया कि, मिल में कोयला आधारित और गन्ने की खोई से चलने वाले दो बॉयलर हैं। वर्ष 2025 में दोनों बॉयलरों में बार-बार खराबी आने के कारण मिल बंद करनी पड़ी। मरम्मत के लिए भारी धनराशि की आवश्यकता है, जिसके लिए कंपनी अपने मुख्य शेयरधारक पेरुम बुलोग से सहायता मांग रही है। उन्होंने कहा कि, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और स्वतंत्र तकनीकी आकलन में देरी के कारण मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पाया है। मरम्मत में लगभग चार से पांच महीने लग सकते हैं, इसलिए वर्ष 2026 में भी पेराई शुरू होने की संभावना बेहद कम है।
ब्लोरा जिले के खाद्य, कृषि, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के प्रमुख नगालिमन ने किसानों से घबराने की बजाय जल्द कटाई कर आसपास की चीनी मिलों में फसल बेचने की अपील की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों को उचित मूल्य दिलाने और दूसरी मिलों में गन्ना बिक्री सुनिश्चित कराने में सहयोग करेगी।


















