बारा: नेपाल की उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्री गौरी कुमारी यादव ने निजी क्षेत्र से एथेनॉल उत्पादन में निवेश बढ़ाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एथेनॉल पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करने का एक महत्वपूर्ण विकल्प बन सकता है।मंत्री गौरी कुमारी यादव ने बारा जिले के अमलेखगंज स्थित नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन (NOC) के मधेश प्रदेश क्षेत्रीय कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान एनओसी के कार्यवाहक निदेशक नागेंद्र शाह के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने उन्हें निगम की वर्तमान स्थिति, भंडारण क्षमता और आपूर्ति प्रबंधन प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री यादव ने कहा कि, देश में बढ़ती पेट्रोलियम कीमतों के बीच वैकल्पिक ईंधन स्रोतों की दिशा में तेजी से कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एथेनॉल उत्पादन से पेट्रोलियम आयात में कमी लाई जा सकती है और ऊर्जा क्षेत्र को अधिक आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उन्होंने निजी कंपनियों और उद्योगों से आगे आकर एथेनॉल उत्पादन में निवेश करने का आह्वान किया। यह निरीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब अंतरराष्ट्रीय बाजार और नेपाल दोनों में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। ऐसे हालात में मंत्री यादव ने महंगाई के प्रभाव को कम करने के लिए वैकल्पिक उपायों को तत्काल अपनाने पर जोर दिया। विशेषज्ञों का मानना है कि, एथेनॉल जैसे जैव ईंधन भविष्य में ऊर्जा सुरक्षा और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

















