इंडोनेशिया में एकीकृत बायोफ्यूल परियोजना को मिली गति, ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगा बल

जकार्ता: इंडोनेशिया के निवेश एवं डाउनस्ट्रीमिंग मंत्रालय ने राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से लैंपुंग प्रांत में एकीकृत बायोफ्यूल (जैव ईंधन) प्लांट की स्थापना की प्रक्रिया तेज कर दी है। यह परियोजना मुख्य रूप से बायोएथेनॉल उत्पादन पर केंद्रित होगी और कृषि आधारित नवीकरणीय ऊर्जा मॉडल को बढ़ावा देगी। उप निवेश मंत्री तोदोतुआ पासारिबु ने लैंपुंग दौरे के दौरान यह जानकारी दी। इस अवसर पर प्रांतीय सरकार और कई कंपनियों के बीच “बायोएथेनॉल इकोसिस्टम विकास सहयोग” संबंधी संयुक्त घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर हुए।

इस पहल में पीटी पर्टामिना न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी, पीटी टोयोटा मोटर मैन्युफैक्चरिंग और पीटी टोयोटा त्सुशो इंडोनेशिया जैसी कंपनियां शामिल हैं। यह समझौता कच्चे माल की आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने, बायोएथेनॉल उत्पादन सुविधाएं स्थापित करने, कृषि साझेदारी को मजबूत करने, नई तकनीकों को अपनाने और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।पासारिबु ने कहा कि, लैंपुंग में बायोएथेनॉल उत्पादन के लिए पर्याप्त मात्रा में कच्चा माल उपलब्ध है और इसकी भौगोलिक स्थिति भी बेहद रणनीतिक है। यह क्षेत्र सुमात्रा और जावा के उन हिस्सों को ऊर्जा आपूर्ति करने में सक्षम होगा, जहां देश की सबसे अधिक ऊर्जा खपत होती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने बताया कि, इन्हीं विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने लैंपुंग को राष्ट्रीय बायोएथेनॉल विकास का प्रमुख केंद्र बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने पेसावरन और दक्षिण लैंपुंग जिलों में प्रस्तावित एकीकृत बायोफ्यूल कॉम्प्लेक्स के स्थलों का भी निरीक्षण किया। पासारिबु के अनुसार, लैंपुंग में गन्ने का शीरा (मोलासेस), ज्वार (सोरघम) और बायोमास अपशिष्ट जैसे प्रचुर संसाधन उपलब्ध हैं, जिन्हें बायोएथेनॉल उत्पादन में उपयोग किया जा सकता है। इससे स्थानीय किसानों और व्यवसायों को भी लाभ मिलेगा।

परियोजना के पहले चरण में 10 हेक्टेयर क्षेत्र में एनर्यू ज्वार की खेती की जाएगी तथा प्रतिवर्ष 60 किलोलीटर क्षमता वाला बायोएथेनॉल संयंत्र स्थापित किया जाएगा। इसके बाद व्यावसायिक चरण में खेती का क्षेत्र बढ़ाकर 6,000 हेक्टेयर किया जाएगा और उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 60,000 किलोलीटर प्रतिवर्ष तक पहुंचाया जाएगा। परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2027 की तीसरी तिमाही में शुरू होने की संभावना है, जबकि वर्ष 2028 की अंतिम तिमाही तक इसके संचालन का लक्ष्य रखा गया है। पासारिबु ने बताया कि समझौते पर हस्ताक्षर करने वाले सभी पक्ष संयुक्त व्यवहार्यता अध्ययन, परियोजना डिजाइन, ज्वार विकास कार्यक्रम और वित्तीय व्यवस्थाओं पर काम करेंगे, ताकि परियोजना को समयबद्ध तरीके से लागू किया जा सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here