हरियाणा में गन्ने के भाव को लेकर घमासान तेज; किसानों ने 600 रुपये प्रति क्विंटल ‘एसएपी’ की मांग उठाई

अंबाला : हरियाणा में गन्ने के दाम को लेकर किसानों और सरकार के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। किसान संगठनों ने गन्ने का राज्य सलाहकार मूल्य (SAP) मौजूदा 415 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर सरकार पर दबाव बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। भारतीय किसान यूनियन (चरूनी) और गन्ना किसान संघर्ष समिति की ओर से 3 सितंबर को रादौर (यमुनानगर) और 7 सितंबर को नारायणगढ़ चीनी मिल में किसान पंचायत आयोजित की जाएगी। इन पंचायतों में गन्ने के मूल्य, आगामी पेराई सत्र की तैयारियों और किसानों को भुगतान में हो रही देरी जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

क्रशरों की ओर गन्ना जाने की आशंका

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसानों को आशंका है कि, इस सीजन में चीनी मिलों के लिए पर्याप्त गन्ना जुटाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसकी वजह यह है कि स्थानीय क्रशर किसानों को मिलों की तुलना में अधिक कीमत देने की पेशकश कर सकते हैं।पिछले साल क्रशरों द्वारा कथित तौर पर करीब 470 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गन्ना खरीदा गया था। इसके चलते कई किसानों ने अपना गन्ना चीनी मिलों के बजाय क्रशरों को बेच दिया था।बीकेयू (चरूनी) के अंबाला प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि खेती की लागत, कृषि इनपुट और अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि भुगतान में देरी से किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने एसएपी में उचित बढ़ोतरी नहीं की तो अधिक किसान अपना गन्ना चीनी मिलों के बजाय क्रशरों को देने की ओर रुख कर सकते हैं।

कुछ राज्यों में 500-550 रुपये तक भाव

गन्ना किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष विनोद राणा ने दावा किया कि कुछ राज्यों में क्रशर संचालक 500 से 550 रुपये प्रति क्विंटल तक की दर पर गन्ना खरीद रहे हैं। उनका अनुमान है कि इस सीजन में हरियाणा के क्रशर भी 500 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक की दर की पेशकश कर सकते हैं। किसान संगठनों का कहना है कि यदि पर्याप्त मात्रा में गन्ना चीनी मिलों तक नहीं पहुंचा तो इसका सीधा असर चीनी उत्पादन पर पड़ सकता है। साथ ही क्षेत्र में आने वाले वर्षों में गन्ने की खेती का रकबा भी प्रभावित होने की आशंका है।

कृषि मंत्री से मुलाकात की तैयारी

किसान नेताओं ने अपनी मांगों को लेकर हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से मुलाकात करने की भी तैयारी की है। किसान संगठन सरकार से गन्ने के उचित मूल्य और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग करेंगे।किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सरकार ने सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here