लंदन: अंतरराष्ट्रीय चीनी संगठन (आईएसओ) ने 2025-26 के लिए वैश्विक चीनी अधिशेष का अनुमान घटाकर 11 लाख टन कर दिया है। मई में जारी अनुमान में वैश्विक चीनी अधिशेष 22 लाख टन रहने का अनुमान लगाया गया था। अगस्त 2026 के लिए जारी आईएसओ के त्रैमासिक बाजार परिदृश्य में यह जानकारी दी गई है।
अधिशेष अनुमान में चौथी बार कटौती
आईएसओ के अनुसार, फसल वर्ष के लिए अधिशेष अनुमान में यह चौथी बार कटौती है। इसका मुख्य कारण 2026 की फसल के शुरुआती आधे हिस्से में मध्य और दक्षिण ब्राजील में उम्मीद से कम चीनी उत्पादन रहा। हालांकि, चीन में अधिक उत्पादन ने इस गिरावट के प्रभाव को कुछ हद तक कम किया। आईएसओ ने चीन का चीनी उत्पादन करीब 1.3 करोड़ टन रहने का अनुमान लगाया है, जो 2013-14 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर होगा।
2026-27 में उत्पादन में कमी का अनुमान
2026-27 के लिए आईएसओ के पहले विस्तृत अनुमान में वैश्विक चीनी उत्पादन में करीब 2 लाख टन की कमी का संकेत दिया गया है।संगठन के अनुसार, 2025-26 में वैश्विक चीनी खपत 0.5 प्रतिशत यानी करीब 9 लाख टन बढ़कर 17.96 करोड़ टन रहने का अनुमान है। 2026-27 में खपत में एक और 8 लाख टन की वृद्धि होकर यह 18.04 करोड़ टन तक पहुंच सकती है। ब्राजील को छोड़कर दुनिया के अन्य हिस्सों में चीनी उत्पादन करीब 44 लाख टन घटने का अनुमान है।
यूरोपीय संघ, थाईलैंड और मध्य अमेरिका में उत्पादन में गिरावट इसकी प्रमुख वजह होगी।हालांकि, ब्राजील में 2027 के गन्ना पेराई सत्र के दौरान चीनी की ओर अधिक गन्ना मोड़े जाने से इस कमी की भरपाई होने की संभावना है। आईएसओ के मुताबिक, हाल में चीनी वायदा कीमतों में आई तेजी ने एथेनॉल की तुलना में चीनी उत्पादन को अधिक आकर्षक बना दिया है।
अल नीनो सबसे बड़ा जोखिम
आईएसओ ने अल नीनो को अपने उत्पादन अनुमानों के लिए सबसे बड़ा जोखिम बताया है। संगठन के अनुसार, संभावित अल नीनो हाल के रिकॉर्ड में सबसे मजबूत घटनाओं में से एक हो सकता है। अधिक बारिश उत्पादन को प्रभावित कर सकती है। वहीं, चीनी और एथेनॉल की कीमतों में बदलाव से ब्राजील में गन्ने का इस्तेमाल फिर से एथेनॉल की ओर बढ़ सकता है। हालांकि, 2026-27 में वैश्विक उत्पादन में कमी का अनुमान है, लेकिन अक्टूबर 2026 से सितंबर 2027 की अवधि में 13 लाख टन का व्यापार अधिशेष रहने का अनुमान है। इसका कारण यूरोपीय संघ और मिस्र में मौजूद अपेक्षाकृत अधिक चीनी भंडार हैं, जिन्हें घरेलू उत्पादन में कमी की भरपाई के लिए बाजार में उतारा जा सकता है।
अगस्त में चीनी कीमतों में तेज उछाल
कीमतों को लेकर आईएसओ ने बताया कि अगस्त में कच्ची चीनी की कीमतों में तेज तेजी दर्ज की गई। आईएसए डेली प्राइस का मासिक औसत बढ़कर 17.4 सेंट प्रति पाउंड हो गया। सट्टा फंडों द्वारा लॉन्ग पोजीशन बढ़ाए जाने और अल नीनो की आशंकाओं के कारण कीमतों को समर्थन मिला। हालांकि, आईएसओ का मानना है कि मौजूदा बाजार बुनियादी परिस्थितियों की तुलना में यह तेजी कुछ जल्दबाजी वाली दिखाई देती है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 2026-27 के उत्पादन अनुमानों में और गिरावट आती है, तो वैश्विक चीनी बाजार का संतुलन तेजी से बड़े घाटे में बदल सकता है। ऐसी स्थिति में चीनी कीमतों में और तेजी का आधार बन सकता है।
भारत में चीनी कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर
आईएसओ की रिपोर्ट के अनुसार, तिमाही के दौरान भारत में घरेलू चीनी कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गईं। इंटरक्रॉप अवधि में सीमित आपूर्ति की आशंकाओं के चलते कीमतों में तेजी आई, जिसके बाद सरकार ने चीनी आयात के लिए परमिट जारी किए। एथेनॉल के मोर्चे पर आईएसओ ने भारत के 2026 के ईंधन एथेनॉल उत्पादन अनुमान में 75 करोड़ लीटर की कटौती करते हुए इसे 11.3 अरब लीटर कर दिया है। संगठन के अनुसार, उत्पादन क्षमता की कमी के बजाय एथेनॉल मिश्रण संबंधी अनिवार्यता से जुड़ी सीमाएं इसका मुख्य कारण हैं। वहीं, आगामी सीजन में भारत में एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी डायवर्जन घटकर करीब 10 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि पिछला अनुमान 28 लाख टन था।
वैश्विक एथेनॉल उत्पादन में वृद्धि का अनुमान
आईएसओ के अनुसार, 2026 में वैश्विक ईंधन एथेनॉल उत्पादन 6 प्रतिशत बढ़कर 130.1 अरब लीटर होने का अनुमान है। इसके मुकाबले वैश्विक खपत करीब 127 अरब लीटर रहने की संभावना है। इससे लगभग 3.1 अरब लीटर का अधिशेष बन सकता है। ब्राजील ने 1 अगस्त 2026 से पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को बढ़ाकर 32 प्रतिशत (E32) कर दिया है। इससे देश में एथेनॉल की घरेलू मांग में सालाना करीब 1 अरब लीटर की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।हालांकि, जुलाई में ब्राजील में हाइड्रस एथेनॉल और गैसोहोल की कीमतों का अनुपात घटकर 61.5 प्रतिशत रह गया। यह सितंबर 2018 के बाद का सबसे निचला स्तर है।


















