चिक्काबल्लापुर : जिले में जिला प्रशासन कार्यालय के सामने किसानों और पुलिस के बीच बड़ी झड़प हो गई। दरअसल किसान चिक्काबल्लापुर जिले के शिदलघट्टा तालुका की जंगमकोटे होब्ली में कर्नाटक औद्योगिक क्षेत्र विकास बोर्ड द्वारा की जा रही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे, जो मंगलवार को उग्र हो गया।भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे किसानों ने अपनी आजीविका छिन जाने का भय जताया। जैसे-जैसे स्थिति बिगड़ती गई, पुलिस ने प्रदर्शन को नियंत्रित करने का प्रयास किया जिससे बदसलूकी और मारपीट के आरोप सामने आए। यह भी बताया गया कि कुछ किसानों को कॉलर से पकड़कर घसीटा गया।
प्रदर्शनकारियों की ओर से बोलते हुए कुमार नामक एक किसान ने आरोप लगाया कि, उन्होंने जिला मंत्री और विधायक से बार-बार मौके पर आकर उनका ज्ञापन स्वीकार करने का अनुरोध किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि, मंगलवार को 500 से अधिक पुलिस बल तैनात किया गया और लाठीचार्ज भी किया गया। इस घटना में दो किसान घायल हुए, जिनमें से एक को गंभीर चोटें आई हैं और वे फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन हैं। किसानों ने जिला प्रशासन के रवैये पर गहरी नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि अधिकारी असली किसानों को नजरअंदाज कर नकली किसानों का साथ दे रहे हैं और जमीनी हकीकत को समझने की कोशिश नहीं कर रहे।
जमीन और आजीविका को लेकर जारी इस तनाव के बीच कर्नाटक सरकार पर लोगों को पीने का पानी मुहैया न करा पाने का भी आरोप लगा। भाजपा नेता आर. अशोक ने सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार से माँग की कि हर विधानसभा क्षेत्र को पीने के पानी के लिए 10 करोड़ रुपये का अनुदान जारी किया जाए। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि, यह राशि बोरवेलों के जीर्णोद्धार और टैंकरों के माध्यम से पानी आपूर्ति पर खर्च की जाए। उन्होंने पशुधन के लिए तत्काल राहत की जरूरत पर भी जोर दिया और राज्य में गोशालाओं के निर्माण तथा पशुओं को चारा उपलब्ध कराने की माँग की।
अशोक ने कहा कि, सरकार ने पीने के पानी के लिए अभी तक एक पैसा भी जारी नहीं किया है। उन्होंने यह भी कहा कि तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों के वेतन में कटौती हो चुकी है और कर्नाटक भी उसी रास्ते पर जाता दिख रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मंत्री दिल्ली में समय बिताते रहे तो राज्य का विकास असंभव हो जाएगा। मौसम विभाग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इस साल वर्षा कम रहने का अनुमान है, ऐसे में सरकार को तुरंत जरूरी कदम उठाने चाहिए।

















