नैरोबी: 27,000 मीट्रिक टन कच्ची चीनी के विवादित मामले में सांसदों (एमपी) ने संभावित लीपापोती (कवर-अप) की आशंका जताई है। यह मामला तब और गंभीर हो गया जब निरीक्षण के दौरान किबोस शुगर से जुड़ी रिफाइनरी चालू हालत में मिली, जबकि अधिकारियों ने पहले दावा किया था कि प्लांट मरम्मत के कारण बंद है और चीनी प्रसंस्करण करने की स्थिति में नहीं है।
राष्ट्रीय विधानसभा की व्यापार समिति ने चीनी के आयात, भंडारण और प्रसंस्करण की जांच के तहत किए गए स्थल निरीक्षण के दौरान यह मुद्दा उठाया। विवादित चीनी खेप की सुरक्षा और ट्रेसबिलिटी (स्रोत की पहचान) को लेकर पहले से ही सवाल उठाए जा रहे हैं। सांसदों ने कहा कि, कुछ ही दिन पहले उन्हें बताया गया था कि रिफाइनरी को दो महीने की मरम्मत की आवश्यकता है, लेकिन निरीक्षण के दौरान वहां सक्रिय रूप से चीनी प्रसंस्करण होता पाया गया।
समिति के समक्ष प्रस्तुत दस्तावेजों के अनुसार, किबोस शुगर ने लगभग 27,000 मीट्रिक टन कच्ची चीनी आयात की थी।इसमें से करीब 3,900 टन चीनी किसुमू भेजी गई, जबकि लगभग 2,500 टन नैरोबी स्थित इनलैंड कंटेनर डिपो (ICD) में संग्रहीत रही। केन्या राजस्व प्राधिकरण (KRA) के अधिकारियों ने चीनी की निकासी प्रक्रिया का बचाव करते हुए कहा कि यह चीनी औद्योगिक कच्चे माल के रूप में आयात की गई थी और सीधे मानव उपभोग के लिए नहीं थी, इसलिए आयात नियमों का पालन किया गया।
हालांकि, सांसदों का कहना है कि उत्पादन और समाप्ति तिथि (एक्सपायरी डेट) संबंधी पूरी जानकारी के अभाव में इस खेप की ट्रेसबिलिटी और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। समिति के अध्यक्ष बर्नार्ड शिनाली ने उपभोक्ताओं के लिए संभावित जोखिम पर चिंता जताते हुए कहा कि कच्ची चीनी की उत्पत्ति और उसकी आयु की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा, यह स्पष्ट नहीं है कि कच्ची चीनी का उत्पादन या निष्कर्षण कब हुआ था। संभव है कि प्रसंस्करण के लिए भी इसकी उपयोग अवधि समाप्त हो चुकी हो।
सांसदों ने नैरोबी और किसुमू सहित विभिन्न स्थानों के बीच चीनी खेप के आवागमन पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि, रिफाइनरी तक सीधे पहुंचाने के बजाय अलग-अलग स्थानों पर ले जाना संदेहास्पद प्रतीत होता है और इसकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए। गिचुगु निर्वाचन क्षेत्र के सांसद रॉबर्ट गिचिमू ने पूछा कि गोदाम में रखे स्टॉक को कैसे सुरक्षित रखा जाएगा ताकि वह केवल फैक्ट्री तक पहुंचे और कच्चे रूप में बाजार में न बिके।
केन्या शुगर बोर्ड के अधिकारियों ने समिति को बताया कि, चीनी का अभी तक प्रसंस्करण नहीं किया गया है और रिफाइनरी रखरखाव कार्यों के कारण बंद है। लेकिन यह बयान सांसदों के निरीक्षण में देखी गई वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाता, जिससे संदेह और गहरा गया। मल्टी-एजेंसी टीम के प्रमुख सैमुअल केम्बोई से भी इस बात पर सवाल पूछे गए कि संयंत्र के कथित रूप से बंद होने के बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में चीनी का परिवहन कैसे किया गया। सांसदों ने नियामकीय निगरानी में संभावित खामियों की चेतावनी दी।

















