नैरोबी : सरकार द्वारा सरकारी स्वामित्व वाली चीनी मिलों के 11,700 करोड़ केन्याई शिलिंग (KSh 117 अरब) के पुराने कर्ज को माफ करने और घाटे में चल रही चार चीनी मिलों को 30 साल के लिए निजी निवेशकों को लीज पर देने के बाद केन्या के चीनी क्षेत्र में सुधार के संकेत दिखाई दे रहे हैं। 2026 की पहली छमाही में गन्ने की आपूर्ति 4.93 मिलियन टन तक पहुंच गई। यह आंकड़ा केन्या नेशनल ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स और केन्या शुगर बोर्ड के आंकड़ों पर आधारित है।
चीनी क्षेत्र में सुधार की रफ्तार जून में और तेज हुई। इस महीने चीनी मिलों को 9,98,010 टन गन्ना मिला, जो पिछले सात वर्षों में किसी एक महीने की सबसे अधिक गन्ना आपूर्ति है। गन्ने की बढ़ती उपलब्धता को सरकार द्वारा सरकारी चीनी मिलों के पुनर्गठन और निजी क्षेत्र को संचालन सौंपने के प्रयासों का शुरुआती सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है।सरकार ने लंबे समय से घाटे में चल रही चार सरकारी चीनी कंपनियों का संचालन निजी चीनी मिल कंपनियों को सौंप दिया है। इसका उद्देश्य वर्षों से चल रही सरकारी आर्थिक मदद और खराब प्रबंधन की समस्या को खत्म करना है।
वेस्ट केन्या शुगर कंपनी ने न्जोइया शुगर कंपनी का संचालन संभाला है। किबोस शुगर एंड एलाइड इंडस्ट्रीज लिमिटेड को केमिलिल शुगर कंपनी का प्रबंधन सौंपा गया है। बुसिया शुगर इंडस्ट्री लिमिटेड ने सोनी शुगर कंपनी का संचालन संभाला है। वेस्ट वैली शुगर कंपनी मुहोरोनी शुगर कंपनी का संचालन कर रही है। घाटे में चल रही इन चीनी मिलों को वर्षों तक सरकार से आर्थिक सहायता मिलती रही। वर्ष 2024 में सरकार ने सरकारी चीनी मिलों पर जमा 117 अरब KSh से अधिक का पुराना कर्ज अपने ऊपर ले लिया। इसके अलावा किसानों और चीनी मिल कर्मचारियों के बकाया भुगतान को निपटाने के लिए सरकार ने 2.5 अरब KSh की अतिरिक्त राशि भी उपलब्ध कराई।


















