कोल्हापुर: चालू गन्ना पेराई सत्र में किसानों को ₹4,500 प्रति टन की पहली किस्त देने की मांग को लेकर स्वाभिमानी शेतकरी संगठन की ओर से रविवार को कोल्हापुर जिले में 185 किलोमीटर लंबी भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। संगठन के नेता राजू शेट्टी के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली को जिले के गन्ना उत्पादक किसानों का जोरदार समर्थन मिला।
हातकणंगले से रैली की शुरुआत
हातकणंगले में छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा ज्योतिबा फुले और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्पहार अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद रविवार सुबह रैली की शुरुआत हुई। हजारों किसान अपनी मोटरसाइकिलों के साथ रैली में शामिल हुए। हाथों में संगठन के झंडे लेकर किसानों ने गन्ने के उचित मूल्य की मांग को लेकर शक्ति प्रदर्शन किया। हातकणंगले से शुरू हुई यह रैली कुंभोज, नरंदे, सावर्डे, वडगांव, वाठार, वारणानगर, वाघबीळ, आसुर्ले पोर्ले, खुपिरे, सांगरूळ, सडोली खालसा, परिते, बिद्री, वाळवे, सिद्धनेर्ली और कागल सहित प्रमुख गांवों से होकर गुजरी। अंत में कसबा सांगाव में रैली का समापन हुआ।
सात किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतार
रैली के दौरान विभिन्न गांवों में किसानों ने इसका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। विशेष रूप से राधानगरी तालुका में शाम के समय बड़ी संख्या में किसान रैली में शामिल हुए, जिसके कारण मोटरसाइकिलों की कतार लगभग सात किलोमीटर तक लंबी हो गई। इसके चलते सांगाव में आयोजित समापन सभा में देरी हुई। इस रैली में संगठन के जिलाध्यक्ष अजित पवार, राज्य सचिव राजेंद्र गड्याण्णवार, सचिन शिंदे, धनाजी पाटील, डॉ. बालासाहेब पाटील, बाजीराव पाटील, विक्रम पाटील और विशाल चौगुले सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए।
सीमावर्ती क्षेत्रों के किसानों की एकजुटता
कोल्हापुर जिले के साथ-साथ कर्नाटक के सीमावर्ती क्षेत्रों के गन्ना उत्पादक किसान भी इस आंदोलन में एकजुट हुए हैं। दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों के किसानों ने गन्ने के उचित मूल्य के मुद्दे पर एकजुटता दिखाकर चीनी मिलों के पेराई सत्र के सामने चुनौती खड़ी कर दी है।
चार दिन में समाधान नहीं निकला तो आंदोलन होगा तेज: राजू शेट्टी
स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता राजू शेट्टी ने ‘चीनीमंडी’ से बातचीत करते हुए चेतावनी दी, “किसानों का गन्ना कोई मुफ्त का नहीं है। जब तक उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलता, तब तक चीनी मिलों को शुरू नहीं होने देंगे। यदि अगले चार दिनों के भीतर मिल मालिकों और प्रशासन ने एक साथ बैठकर कोई संतोषजनक समाधान नहीं निकाला, तो स्वाभिमानी शेतकरी संगठन इससे भी अधिक तीव्र और आक्रामक आंदोलन छेड़ेगा।”


















