पुणे: जलवायु परिवर्तन के कारण राज्य के गन्ना किसानों के लिए जल्दी पकने वाली और अधिक चीनी रिकवरी देने वाली गन्ने की नई किस्में विकसित करना जरूरी होगा। यह विचार वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट (VSI) के ट्रस्टी और पूर्व वित्त मंत्री जयंत पाटील ने व्यक्त किया। ब्राजील की प्रसिद्ध गन्ना प्रौद्योगिकी संस्था ‘सीटीसी’ (CTC) के वैज्ञानिक मामलों के प्रबंधक एवं वैज्ञानिक डॉ. माइकल बटरफील्ड ने हाल ही में VSI के आंबोली गन्ना प्रजनन केंद्र का दौरा किया। इस अवसर पर राजारामबापू सहकारी चीनी मिल के अध्यक्ष प्रतीक पाटील, VSI के महानिदेशक संभाजी कडूपाटील और संस्थान के वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
जलवायु परिवर्तन के कारण गन्ना प्रजनन का महत्व बढ़ा
जयंत पाटील ने कहा कि, चीनी उद्योग और गन्ना किसानों के लिए गन्ना प्रजनन बेहद महत्वपूर्ण विषय है। जलवायु परिवर्तन के कारण गन्ना प्रजनन विज्ञान का महत्व और बढ़ गया है।उन्होंने कहा कि, इस विज्ञान की मदद से जल्दी पकने वाली, अधिक उत्पादन देने वाली और अधिक चीनी रिकवरी वाली गन्ने की किस्में विकसित की जा सकती हैं। आने वाले समय में कम अवधि में अधिक उत्पादन देने वाली किस्में किसानों और चीनी उद्योग दोनों के लिए फायदेमंद साबित होंगी।
जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखकर शोध
VSI के महानिदेशक संभाजी कडू-पाटील ने कहा कि, जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए VSI और आंबोली गन्ना प्रजनन केंद्र में लगातार शोध किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि, इस शोध से अधिक उत्पादन देने वाली गन्ने की नई किस्मों के विकास को दिशा मिलेगी। इस विषय पर अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ भी चर्चा की जा रही है, जिससे महाराष्ट्र में भविष्य की टिकाऊ गन्ना खेती को नई दिशा मिल सकती है।
उन्नत प्रजनन तकनीकों पर जानकारी
VSI के आणविक जीव विज्ञान एवं आनुवंशिक अभियांत्रिकी विभाग के डॉ. अशोक जगताप ने उन्नत गन्ना प्रजनन तकनीकों तथा जलवायु परिवर्तन का सामना करने में सक्षम नई किस्मों के विकास के बारे में जानकारी दी। वहीं, आंबोली केंद्र के प्रमुख एवं मुख्य वैज्ञानिक डॉ. कपिल सुशील ने गन्ने के जर्मप्लाज्म (आनुवंशिक द्रव्य), क्रॉसिंग प्रोग्राम (संकरण तकनीक) और व्यावसायिक स्तर पर उपयोगी गन्ने की किस्मों के विकास से जुड़े अनुसंधान की जानकारी दी।विशेषज्ञों के बीच हुई इस चर्चा से महाराष्ट्र में जलवायु-अनुकूल, कम अवधि में तैयार होने वाली और अधिक चीनी रिकवरी देने वाली गन्ने की किस्मों के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।


















