कोल्हापुर : एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल E20 की अनिवार्य बिक्री के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार को कोल्हापुर शहर में एक दोपहिया वाहन की प्रतीकात्मक अंतिम यात्रा निकाली। विरोध प्रदर्शन की शुरुआत असेंबली रोड स्थित एक पेट्रोल पंप से हुई, जिसके बाद पार्टी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट तक मार्च करते हुए पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की इथेनॉल मिश्रण नीति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आप कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि, E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से दोपहिया और चारपहिया वाहनों का माइलेज 5 से 15 प्रतिशत तक कम हो रहा है। इसके अलावा, इंजन के महत्वपूर्ण हिस्सों को नुकसान पहुंचने और वाहन रखरखाव का खर्च बढ़ने का भी दावा किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं के मुताबिक, देश में मौजूद अधिकांश पुराने वाहन कम मात्रा वाले इथेनॉल मिश्रण के लिए डिजाइन किए गए थे। ऐसे में उपभोक्ताओं को शुद्ध पेट्रोल खरीदने का विकल्प नहीं दिया जा रहा है।
आप ने यह भी कहा कि, एथेनॉल का उत्पादन पेट्रोल की तुलना में सस्ता होने के बावजूद E20 पेट्रोल के लिए उपभोक्ताओं से समान कीमत वसूली जा रही है। इससे आम लोगों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।आप के प्रदेश सचिव संदीप देसाई ने कहा कि, एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का इस्तेमाल उन वाहनों पर प्रतिकूल असर डाल रहा है, जिन्हें E5 और E10 ईंधन मानकों के अनुसार डिजाइन किया गया है। उन्होंने कहा, पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाने से इंजन पर नकारात्मक असर पड़ रहा है और माइलेज में 5 से 10 प्रतिशत तक की कमी आ रही है। यही वजह है कि, E20 पेट्रोल के खिलाफ विरोध बढ़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। AAP के शहर अध्यक्ष उत्तम पाटील ने मांग की कि, सभी पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को शुद्ध पेट्रोल खरीदने का विकल्प दिया जाना चाहिए। उन्होंने पुराने वाहनों के मालिकों पर बढ़े मरम्मत खर्च के लिए मुआवजा देने या वाहन निर्माताओं को मुफ्त मरम्मत की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश देने की भी मांग की। उत्तम पाटील ने कहा कि, अनिवार्य E20 नीति देशभर में करोड़ों वाहन मालिकों पर अनुचित आर्थिक बोझ डाल रही है।

















