सांगली: राज्य सरकार ने इस वर्ष 15 अक्टूबर से गन्ना पेराई सीजन शुरू करने की अनुमति दी है। हालांकि, राज्य की कई चीनी मिलों ने अक्टूबर के पहले सप्ताह से ही पेराई सीजन शुरू कर दिया है। पश्चिमी महाराष्ट्र के साथ मराठवाड़ा की चीनी मिलों ने भी पेराई शुरू कर दी हैं। इस बीच गन्ने का मूल्य तय किए बिना चीनी मिलों में पेराई सत्र शुरू किए जाने के विरोध में स्वाभिमानी शेतकरी संगठन ने आंदोलन तेज कर दिया है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने कृष्णा सहकारी चीनी मिल और पद्मभूषण क्रांतिवीर डॉ. नागनाथअण्णा नायकवडी हुतात्मा सहकारी चीनी मिल की ओर जाने वाले गन्ने के वाहनों को रोक दिया। जिले में गन्ना मूल्य का मुद्दा फिर गरमा गया है और आंदोलन के और तेज होने की आशंका जताई जा रही है।
कृष्णा चीनी मिल की ओर जाने वाली गन्ना ढुलाई रोकी
स्वाभिमानी शेतकरी संगठन का आरोप है की, कराड और सांगली जिलों में कार्यक्षेत्र वाली कृष्णा सहकारी चीनी मिल ने गन्ने का मूल्य तय किए बिना ही पेराई सत्र जारी रखा है।संगठन ने मिल प्रशासन से पेराई सत्र शुरू करने से पहले गन्ने का मूल्य घोषित करने की मांग की थी।हालांकि, प्रशासन द्वारा मांग की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने आंदोलन शुरू कर दिया।वाळवा तालुका के शिवनगर स्थित मिल की ओर जाने वाली गन्ना ढुलाई को बहे पुल के पास रोक दिया गया।इस दौरान करीब 40 से 50 ट्रैक्टरों में लदे गन्ने को रोका गया, जबकि छह से सात बैलगाड़ियों के टायरों की हवा निकाल दी गई।
संगठन ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा है कि जब तक गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति टन की पहली किस्त का ऐलान नही किया जाता, तब तक चीनी मिलों को चलने नहीं दिया जाएगा। संगठन का कहना है कि, गन्ने की खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, इसलिए किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना जरूरी है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज करने की चेतावनी भी दी गई है।इस आंदोलन में भागवत जाधव, संतोष शेळके, प्रदीप नागरे, प्रताप पाटील, शहाजी पाटील, गणेश शेवाळे, दत्तात्रय जाधव, रामचंद्र देवकुळे और कृष्णा कुंभार सहित संगठन के कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
आंदोलनकारियों ने हुतात्मा चीनी मिल की गन्ना ढुलाई भी रोकी
वाळवा तालुका के बावची फाटा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने पद्मभूषण क्रांतिवीर डॉ. नागनाथअण्णा नायकवडी हुतात्मा सहकारी चीनी मिल की ओर जाने वाले गन्ने के वाहनों को रोक दिया। इस दौरान गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति टन की पहली किस्त देने की मांग की गई।बढ़ती महंगाई, खाद, कीटनाशक, मजदूरी और परिवहन खर्च में वृद्धि के कारण गन्ने की खेती की लागत काफी बढ़ गई है। ऐसे में चीनी मिलों को किसानों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उचित पहली किस्त देनी चाहिए, ऐसी मांग संगठन की ओर से की जा रही है।कार्यकर्ताओं ने बताया कि, गन्ना मूल्य का मुद्दा हल होने तक आंदोलन जारी रहेगा। किसानों को उनकी मेहनत का उचित मेहनताना मिलना ही चाहिए, यह कहते हुए गन्ना ढुलाई रोककर मिल प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया गया। संगठन ने चेतावनी दी है कि, यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।इस आंदोलन में जिलाध्यक्ष विश्वास कोळी, संगठन के नेता भागवत जाधव, जगन्नाथ भोसले, बाबासाहेब सांद्रे, संतोष शेळके, सचिन यादव, काशिनाथ निंबाळकर, दत्ताजी जाधव, अरुण कवठेकर, शामराव जाधव और बबलू जमादार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।


















