कोल्हापुर: महाराष्ट्र में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को लेकर राज्य के चीनी आयुक्तालय ने 15 चीनी मिलों के खिलाफ वसूली की कार्रवाई शुरू करने की चेतावनी दी है। टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, 15 सितंबर को हुई समीक्षा में सामने आया कि राज्य की 30 चीनी मिलों पर 2025-26 के गन्ना पेराई सत्र का कुल करीब 194 करोड़ रुपये FRP बकाया है।चीनी आयुक्तालय ने स्पष्ट किया है कि, बकाया उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) का भुगतान नहीं करने वाली मिलों को आगामी पेराई सत्र के लिए क्रशिंग लाइसेंस जारी नहीं किया जाएगा।डिफॉल्टर मिलों के खिलाफ राजस्व वसूली प्रमाणपत्र (RRC) भी जारी किए जाएंगे।
14 दिनों में करना होता है FRP का भुगतान
गन्ना (नियंत्रण) आदेश, 1966 के तहत चीनी मिलों को किसानों से गन्ना प्राप्त होने के 14 दिनों के भीतर निर्धारित FRP का भुगतान करना अनिवार्य है।भुगतान में चूक होने पर चीनी आयुक्त RRC के माध्यम से वसूली की कार्रवाई शुरू कर सकते है।इसके तहत जिला प्रशासन चीनी मिलों के स्टॉक को अटैच करने, संपत्तियों को जब्त करने या फैक्ट्री के गोदामों में रखी चीनी की नीलामी के जरिए किसानों की बकाया राशि की वसूली कर सकता है।‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ से एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि, संबंधित चीनी मिलें मराठवाड़ा और सोलापुर जिलों की हैं।अधिकारियों द्वारा इन मिलों की वित्तीय स्थिति और बकाया चुकाने की क्षमता का आकलन किया जा रहा है। अधिकारी के अनुसार, FRP भुगतान कानून के तहत अनिवार्य है और बकाया नहीं चुकाने वाली मिलों को अगले पेराई सत्र का लाइसेंस नहीं मिलेगा।
FRP बकाया 1,303 करोड़ से घटकर 194 करोड़ रुपये
2025-26 के पेराई सत्र के अंत में अप्रैल में महाराष्ट्र की चीनी मिलों पर करीब 1,303 करोड़ रुपये का FRP बकाया था। इसके बाद बकाया राशि में काफी कमी आई है और यह अब करीब 194 करोड़ रुपये रह गई है। हालांकि, 30 मिलों पर अभी भी किसानों का भुगतान लंबित है।इस बीच, राज्य सरकार ने चीनी मिलों को सॉफ्ट लोन के जरिए बकाया FRP चुकाने और कार्यशील पूंजी मजबूत करने के लिए करीब 738 करोड़ रुपये की ब्याज सहायता मंजूर की है।इस राशि का इस्तेमाल नए पेराई सत्र से पहले गन्ने की कटाई और परिवहन खर्च में सहायता के लिए भी किया जाना है। राज्य में नया पेराई सत्र 15 अक्टूबर से शुरू होने वाला है।
पिछले सत्र में 210 मिलों को मिला था लाइसेंस
पिछले पेराई सत्र में महाराष्ट्र में कुल 210 चीनी मिलों को पेराई लाइसेंस दिया गया था। इनमें 105 सहकारी और 105 निजी चीनी मिलें शामिल थीं। इन मिलों ने सामूहिक रूप से करीब 1,045 लाख टन गन्ने की पेराई की थी।पिछले सत्र के लिए कुल FRP देनदारी करीब 30,278 करोड़ रुपये थी। इसमें गन्ने की कटाई और परिवहन का खर्च शामिल नहीं था। मिलों ने किसानों को कुल करीब 31,562 करोड़ रुपये का भुगतान किया, जो निर्धारित FRP देनदारी से अधिक था।अगस्त में चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद कई चीनी मिलों ने किसानों को निर्धारित FRP से अधिक भुगतान किया था।
30 मिलों पर अभी भी भुगतान बकाया
करीब 180 चीनी मिलों ने अपनी पूरी FRP देनदारी चुका दी है, जबकि 30 मिलों में अभी भी भुगतान की कमी बनी हुई है। इन मिलों पर बकाया राशि कुछ मामलों में अपेक्षाकृत कम है, जबकि कुछ मिलों पर लगभग पूरी FRP देनदारी अभी तक लंबित है।

















