पुणे: राज्यभर में चल रहे खाद्य मिलावट विरोधी अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की कार्रवाई के बाद दौंड तालुका के करीब 400 गुड़ निर्माण केंद्र कुछ दिनों पहले बंद कर दिए गए थे। इसके कारण किसानों का कटा हुआ गन्ना पड़ा रह गया था और कई स्थानों पर गन्ने की कटाई भी रुक गई थी। हालांकि, एफडीए अधिकारियों के साथ हुई चर्चा के बाद गुरुवार (11 जून) शाम से गुड़ उत्पादन दोबारा शुरू कर दिया गया, जिससे किसानों और गुड़ व्यवसाय से जुड़े लोगों को बड़ी राहत मिली है।
गुड़ व्यवसायियों ने पुणे स्थित खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों से बैठक की। इस दौरान उन्हें बिना किसी रासायनिक पदार्थ, चीनी, चॉकलेट पाउडर या अन्य मिलावटी सामग्री का उपयोग किए पारंपरिक तरीके से शुद्ध गुड़ उत्पादन करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। इसके बाद क्षेत्र के गुड़ उत्पादन पुनः शुरू करने का निर्णय लिया गया।
आपको बता दे की, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त तुकाराम मुंढे के पदभार संभालने के बाद राज्यभर में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। विभिन्न स्थानों पर छापेमारी और जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कारण पुणे जिले के दौंड तालुका के गुड़ उत्पादकों ने भी सतर्क रुख अपनाया था। तालुका के इतिहास में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर सभी गुड़ कारखाने एक साथ बंद किए गए थे, जिससे गुड़ उत्पादन में मिलावट के मुद्दे पर व्यापक चर्चा शुरू हो गई थी। अब एफडीए के निर्देशों के अनुसार शुद्ध और उच्च गुणवत्ता वाले गुड़ उत्पादन पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इस बीच, गुड़ उद्योग में मिलावट के साथ-साथ प्रदूषण का मुद्दा भी चर्चा में है। नागरिकों ने शिकायत की है कि, कुछ गुड़ कारखानों में ईंधन के रूप में प्लास्टिक, रबर और पुराने टायरों का उपयोग किया जा रहा है। इससे जहरीला धुआं निकलता है और वायु प्रदूषण बढ़ता है। इसलिए प्रदूषण नियंत्रण एजेंसियों से इस मामले में सख्त निगरानी की मांग की जा रही है।प्रदूषण कम करने के लिए क्षेत्र के कुछ गुड़ कारखानों ने इलेक्ट्रिक बॉयलर का उपयोग शुरू किया है। हालांकि, इसके लिए बड़ी मात्रा में बिजली की आवश्यकता होती है। ऐसे में बिजली उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप हो रहा है या नहीं, इस पर बिजली वितरण कंपनी की निगरानी भी जरूरी मानी जा रही है।बीएफडीए,
विशेषज्ञों और नागरिकों का मानना है कि, गुड़ उद्योग से जुड़े व्यवसायों को खाद्य एवं औषधि प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बिजली वितरण विभाग, परिवहन विभाग और अन्य सरकारी नियमों का पालन करना चाहिए। किसानों को उचित मूल्य, उपभोक्ताओं को शुद्ध गुड़ और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना बेहद आवश्यक है।एफडीए


















