कोल्हापुर: कोल्हापुर जिले के पन्हाला तालुका स्थित कोडोली गांव में Refex CBG Kolhapur Limited द्वारा संचालित कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट का संचालन वारणा शुगर लिमिटेड के साथ बकाया राशि को लेकर चल रहे विवाद के कारण बुरी तरह प्रभावित हुआ है। Refex Renewables & Infrastructure Limited ने नियामकीय फाइलिंग में यह जानकारी दी है। कंपनी के अनुसार, उसकी स्टेप-डाउन सहायक कंपनी Refex CBG Kolhapur के कर्मचारियों को प्लांट में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। इसके अलावा, प्लांट की बिजली और पानी की आपूर्ति भी बाधित की गई है।
18.48 करोड़ रुपये के बकाये को लेकर विवाद
नियामकीय फाइलिंग के मुताबिक, वारणा शुगर ने ये कदम Refex CBG Kolhapur पर कथित रूप से बकाया राशि को लेकर उठाए हैं। हालांकि, Refex की सहायक कंपनी ने इन बकाया दावों को खारिज करते हुए विवादित बताया है।वारणा शुगर की ओर से 18,48,34,643 रुपये की कथित बकाया राशि का दावा किया गया है। वहीं, Refex CBG Kolhapur का कहना है कि, अगस्त 2025 में कंपनी का अधिग्रहण Refex Renewables की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी Refex Sustainability Solutions Limited द्वारा किए जाने के समय इन बकाया देनदारियों का पूरी तरह और अंतिम रूप से निपटारा हो चुका था। कंपनी ने कहा कि, उसकी सहायक कंपनी ने वारणा शुगर की ओर से किए गए सभी ऐसे दावों को खारिज और विवादित किया है।
2010 के दीर्घकालिक समझौते के तहत संचालन
Refex ने बताया कि, CBG प्लांट उस जमीन पर स्थित है, जिसका स्वामित्व Refex CBG Kolhapur के पास है। यह प्लांट वारणा शुगर की चीनी मिल के नजदीक स्थित है। कंपनी के अनुसार, प्लांट का संचालन दोनों कंपनियों के बीच वर्ष 2010 में हुए दीर्घकालिक समझौते सहित अन्य व्यवस्थाओं के तहत किया जाता है। Refex CBG Kolhapur का नाम पहले Spectrum Renewable Energy Private Limited था, जिसे बाद में Refex CBG Kolhapur Private Limited किया गया।
प्लांट दोबारा शुरू करने के लिए अदालत का रुख
प्लांट तक दोबारा पहुंच हासिल करने और कानूनी प्रक्रिया के तहत संचालन शुरू करने के लिए Refex CBG Kolhapur ने कोल्हापुर जिला सिविल कोर्ट में कानूनी कार्यवाही शुरू की है। कंपनी ने बताया कि, सहायक कंपनी ने प्लांट तक पहुंच बहाल करने और संचालन फिर से शुरू करने के लिए अंतरिम राहत की मांग की है। इसके साथ ही, कंपनी उपलब्ध अन्य सभी कानूनी उपायों पर भी विचार कर रही है।
वारणा शुगर ने भी शुरू की कानूनी कार्रवाई
नियामकीय फाइलिंग के अनुसार, वारणा शुगर ने भी प्लांट से जुड़े मामले में Refex CBG Kolhapur के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू की है। Refex CBG Kolhapur ने इन कार्यवाहियों पर आपत्ति जताई है और कहा है कि वह कानून के अनुसार इनका विरोध एवं बचाव करेगी।
प्लांट बंद होने से वित्तीय असर का आकलन जारी
Refex Renewables ने कहा कि इस विवाद के वित्तीय प्रभाव, जिसमें प्लांट बंद रहने से होने वाला असर भी शामिल है, का फिलहाल सटीक आकलन नहीं किया जा सकता। कंपनी वित्तीय और परिचालन प्रभावों का आकलन कर रही है और लागू कानूनों के तहत आवश्यकता पड़ने पर आगे की जानकारी साझा करेगी।
मामला न्यायालय में लंबित
Refex Renewables ने इस मामले को न्यायालय के विचाराधीन (Sub Judice) बताया है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि नियामकीय खुलासा उसके और उसकी सहायक कंपनी के अधिकारों एवं कानूनी उपायों पर प्रतिकूल प्रभाव डाले बिना किया गया है। कंपनी ने यह भी कहा कि इस खुलासे को किसी भी देनदारी या दावे की स्वीकृति के रूप में नहीं माना जाना चाहिए।


















