महाराष्ट्र : राजू शेट्टी ने 15 अक्टूबर से गन्ना पेराई शुरू करने का किया विरोध, 500 रुपये प्रति टन सब्सिडी की मांग

कोल्हापुर: स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता, पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा 2026-27 के गन्ना पेराई सीजन की शुरुआत 15 अक्टूबर से करने के फैसले का विरोध किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि, समय से पहले पेराई शुरू करने से गन्ना किसानों और चीनी उद्योग को भारी नुकसान हो सकता है। राज्य मंत्रिमंडल की समिति ने केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुरूप 15 अक्टूबर से गन्ना पेराई सीजन शुरू करने का फैसला किया है। हालांकि, राजू शेट्टी ने इस निर्णय को अनुचित बताते हुए मांग की है कि केंद्र और राज्य सरकार गन्ना किसानों के लिए कम से कम 500 रुपये प्रति टन सब्सिडी की घोषणा करे।

शेट्टी ने चेतावनी दी कि, चीनी मिलों को 15 अक्टूबर से पेराई शुरू करने की अनुमति तभी दी जानी चाहिए, जब सरकार सब्सिडी की घोषणा करे;अन्यथा राज्यभर में सरकार के खिलाफ तीव्र आंदोलन किया जाएगा। राजू शेट्टी के अनुसार, अक्टूबर में ही पेराई शुरू करने से गन्ने के वजन और चीनी रिकवरी, दोनों में बड़ी गिरावट आएगी। उन्होंने कहा कि, सामान्य तौर पर 1 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच चीनी की औसत रिकवरी केवल 8 से 9 प्रतिशत के आसपास रहती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने बताया कि, 15 दिसंबर के बाद तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने के साथ चीनी रिकवरी में सुधार शुरू होता है। ऐसे में यदि चीनी मिलें अक्टूबर में ही पेराई शुरू कर देती हैं, तो करीब 50 से 60 प्रतिशत गन्ने की पेराई कम रिकवरी वाले समय में हो सकती है। शेट्टी ने कहा कि, इसका सीधा असर किसानों पर पड़ेगा, क्योंकि अगले वर्ष किसानों को मिलने वाले उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) में कमी आ सकती है। इसलिए उन्होंने केंद्र और महाराष्ट्र सरकार से मांग की है कि यदि सरकार 15 अक्टूबर से गन्ना पेराई सीजन शुरू करने पर जोर देती है, तो किसानों को होने वाले संभावित नुकसान की भरपाई के लिए कम से कम 500 रुपये प्रति टन सब्सिडी दी जाए।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here